मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले कैरेबियाई बल्लेबाज लेंडल सिमंस के अनुसार आईपीएल दुनिया में सर्वश्रेष्ठ टी-20 टूर्नामेंट है।
सिमंस ने साथ ही यह भी कहा कि किसी क्रिकेट खिलाड़ी के लिए अपनी योग्यता साबित करना आईपीएल सबसे अच्छा मंच है।
सिमंस ने सोमवार को आईएएनएस के दिए साक्षात्कार में कहा, "आईपीएल दुनिया का सबसे बड़ा और सर्वश्रेष्ठ टी-20 टूर्नामेंट है। और इससे अच्छा ऐसा कोई मंच नहीं जहां खिलाड़ी अपनी योग्यता को साबित कर सकें।"
आईपीएल के जारी मौजूदा संस्करण में रविवार को मुंबई के पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से अब्राहम डिविलियर्स ने 59 गेंदों में 133 रनों की विस्फोटक पारी खेली और मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण की पोल खोल दी।
सिमंस ने भी डिविलियर्स की सराहना की और कहा, "वह एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं, जो सबसे अलग हटकर हैं।"
सिमंस ने कहा, "डिविलियर्स विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और उन्हें हम एकदिवसीय और टेस्ट मैचों में भी इस तरह का प्रदर्शन करते देख चुके हैं। वह किस प्रारूप में खेल रहे हैं इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वह बिल्कुल अलग हटकर हैं। वह जब भी क्रिकेट को अलविदा कहेंगे तो सभी उन्हें याद रखेंगे।"
आईपीएल-8 में मुंबई इंडियंस के उतार-चढ़ाव वाले प्रदर्शन के बीच सिमंस ने लगातार बल्ले से बेहतर प्रदर्शन किया है। वह 43 के औसत से 345 रन बना चुके हैं, जिसमें चार अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं।
आईपीएल के पिछले संस्करण में भी सिमंस नियमित प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज रहे थे तथा आठ मैचों से उन्होंने 394 रन बनाए थे।
अपने नियमित उम्दा प्रदर्शन पर सिमंस ने कहा, "मैंने बस अपनी पारी की शुरुआत अच्छी करनी चाही। मुझसे टीम को जो अपेक्षित है मैंने वही किया। मैं अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना और मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश की। अब तक मेरे लिए सबकुछ ठीक रहा है और आगामी मैचों में मैं मुंबई के लिए फिर से अच्छा योगदान देना चाहता हूं।"
सिमंस को बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के लिए भी जाना जाता है और उन्होंने आईपीएल-8 में भी अपनी टीम के लिए कई करिश्माई कैच लिए।