1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वार्नर और युवराज चमके, सनराइजर्स ने पंजाब को सात विकेट से हराया

वार्नर और युवराज चमके, सनराइजर्स ने पंजाब को सात विकेट से हराया

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 15, 2016 06:24 pm IST,  Updated : May 15, 2016 07:57 pm IST

सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां किंग्स इलेवन पंजाब को सात विकेट से हराकर प्ले ऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली।

IPL- India TV Hindi
IPL

मोहाली: कप्तान डेविड वार्नर के अर्धशतक के बाद युवराज सिंह की तूफानी पारी से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां किंग्स इलेवन पंजाब को सात विकेट से हराकर प्ले ऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली। पंजाब के 180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स ने वार्नर (52), युवराज (24 गेंद में नाबाद 42) और दीपक हुड्डा (34) की पारियों की बदौलत 19.4 ओवर में तीन विकेट पर 183 रन बनाकर जीत दर्ज की।

बेन कटिंग ने भी 11 गेंद में नाबाद 21 रन बनाए। युवराज ने कटिंग के साथ सिर्फ 3.4 ओवर में चौथे विकेट के लिए 44 रन की अटूट साझेदारी करके टीम की जीत सुनिश्चित की। इस जीत से सनराइजर्स 12 मैचों में आठ जीत से 16 अंक के साथ शीर्ष पर है और उसका प्ले हॉफ में खेलना लगभग तय हो गया है। पंजाब की टीम के 12 मैचों में सिर्फ आठ अंक हैं और वह राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के बाद प्ले हॉफ की दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी।

इससे पहले पंजाब ने स्टार बल्लेबाज हाशिम अमला की 96 रन की पारी की बदौलत चार विकेट पर 179 रन बनाए। आईपीएल में अपने पहले सत्र में खेल रहे अमला ने 56 गेंद की अपनी पारी में 14 चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने गुरकीरत सिंह (27) के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 जबकि रिद्धिमान साहा (27) के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की दो उपयोगी साझेदारियां भी की।

हैदराबाद की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 32 रन देकर दो विकेट चटकाए। मुस्तफिजुर रहमान और मोइजेस हेनरिक्स ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। आशीष नेहरा हालांकि काफी महंगे साबित हुए और चोटिल होने से पहले उन्होंने 2.5 ओवर में 35 रन लुटाए।

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल