विशाखापट्टनम: लेग स्पिनर एडम जंपा के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इतिहास के दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मंगलवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट पर 137 रन के स्कोर पर रोक दिया। जंपा ने अपने करियर और आईपीएल नौ का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 19 रन देकर छह विकेट चटकाए।
ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी अपने कोटे के चार ओवर में 16 रन पर एक विकेट हासिल किया। इन दोनों की फिरकी के जादू के सामने सनराइजर्स की टीम पूरी पारी के दौरान रन बनाने के लिए जूझती रही। टीम ने अंतिम 10 ओवर में 74 रन जुटाए। आईपीएल इतिहास में जंपा से बेहतर प्रदर्शन सिर्फ आईपीएल से निलंबित राजस्थान रायल्स के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने किया है जिन्होंने पहले सत्र में एक अन्य निलंबित टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 14 रन देकर छह विकेट चटकाए थे।
हैदराबाद की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने सर्वाधिक 33 जबकि केन विलयमसन ने 31 रन बनाए। टीम के कुल छह बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंचे लेकिन कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाया। सनराइजर्स के कप्तान डेविड वार्नर ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन टीम की शुरूआत धीमी रही। वार्नर (11) ने आरपी सिंह के पारी के दूसरे ओवर में छक्का जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी को कैच दे बैठे। धवन और विलियमसन ने पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 34 रन तक पहुंचाया। धवन ने छठे ओवर में आरपी सिंह पर चौका और छक्का मारा।
टीमें:
राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स: महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, सौरव तिवारी, उस्मान ख्वाजा, जॉर्ज बेले, थिसिरा परेरा, रजत भाटिया, आरपी सिंह, रविचंद्रन अश्विन, अशोक डिंडा और एडम जाम्पा।
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), शिखर धवन, मोइसिस हेनरिक्स, युवराज सिंह, केन विलियम्सन, नमन ओझा, दीपेंद्र हुड्डा, आशीष नेहरा, मुस्तफिजुर रहमान, बरेंदर सरन और भुवनेश्वर कुमार।