मोहाली: मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने किंग्स इलेवन पंजाब पर सोमवार को आईपीएल के मैच में मिली 25 रन से जीत का श्रेय शीर्षक्रम के बल्लेबाज अंबाती रायुडू और गेंदबाजों को दिया है। पार्थिव ने 58 गेंद में 81 और रायुडू ने 37 गेंद में 65 रन बनाये। इसके बाद जसप्रीत बुमरा ने तीन जबकि टिम साउदी और मिशेल मैक्लीनागन ने दो दो विकेट लेकर मुंबई को जीत दिलाई। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 189 रन बनाये थे।
पार्थिव ने कहा कि फार्म में चल रहा बल्लेबाज साथ होने से आपका काम आसान हो जाता है। मैने पहले पांच मैचों में पांच पारियां खेली लेकिन अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। आपके साथ फार्म में चल रहा बल्लेबाज हो तो दबाव कम हो जाता है। पार्थिव ने वैसा ही किया। उन्होंने कहा कि जब भी हमें लगा कि हमें खुलकर खेलना है तो हम छक्का या चौका लगा रहे थे। इससे काफी मदद मिली। हमें लगा कि इस विकेट पर 180 का स्कोर अच्छा होगा। पार्थिव और रायुडू ने तीसरे विकेट के लिये 137 रन की साझेदारी की। गेंदबाज़ों के बारे में उन्होंने कहा कि टीम में अच्छे गेंदबाज होने से हमेशा मदद मिलती है। हमने देखा है कि विशाल स्कोर बनाने के बावजूद टीमें गेंदबाजौं के अच्छा नहीं खेल पाने से मैच हार जाती है। मिशेल के पास परपल कैप है और बुमरा शानदार फार्म में है। मैं उसे रणजी ट्राफी के दिनों से देख रहा हूं। उसने आफ सीजन में काफी मेहनत की है और मुझे खुशी है कि उसकी मेहनत रंग ला रही है।
दूसरी तरफ छह मैचों में टीम की पांचवीं हार से निराश किंग्स इलेवन पंजाब के आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल ने इसके लिये औसत गेंदबाजी और फील्डिंग को कसूरवार ठहराया। मैक्सवेल ने कहा कि हम विरोधी टीमों को कई मौके दे रहे हैं जबकि हम खुद किसी मौके का फायदा नहीं उठा रहे हैं। यही वजह है कि हम फिलहाल अंकतालिका में सबसे नीचे हैं। उन्होंने कहा कि हमने पार्थिव को दो बार आउट किया लेकिन एक नोबाल थी और स्टम्पिंग काफी धीमी रही। हमने फील्डिंग में भी काफी गलतियां की। हमने जब पार्थिव को आउट किया तब वह 28 या 30 रन पर खेल रहा था और बाद में उसने 80 रन बनाये। उन्होंने कहा कि बाद में उसे दूसरी बार जीवनदान मिला और फिर उसने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया। रायुडू के मामले में भी ऐसा ही हुआ। जीवनदान मिलने के बाद उसने उम्दा प्रदर्शन किया।