नयी दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने IPL-6 स्पॉट फिक्सिंग मामले में आरोप तय करने संबधी फैसला आज 25 जुलाई के लिए स्थगित कर दिया। इस मामले में निलंबित क्रिकेटर अजित चंदीला, एस श्रीसंत और अंकित चव्हाण के अलावा अन्य लोग आरोपी हैं जिनमें अंडरवल्र्ड डॉन दाउद इब्राहिम और उसका सहयोगी छोटा शकील भी शामिल है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नीना बंसल कृष्णा को आज इस संबंध में फैसला सुनाना था लेकिन उन्होंने कहा कि आदेश पत्र अभी तैयार नहीं हो पाया है।
अदालत ने इस संबंध में फैसला सुनाने के लिए 25 जुलाई की तिथि तय की और कहा कि यदि इस मामले में कोई स्पष्टीकरण है तो वह उसे मांगेगी।
अदालत ने इस मामले में आरोप तय करने संबंधी फैसला सुनाने के लिए 23 मई को आज का दिन निर्धारित किया था और आरोपियों की ओर से पेश हो रहे वकीलों को छह जून तक लिखित में अपना पक्ष रखने को कहा था।
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने अपने आरोप पत्र में 42 लोगों को आरोपी बनाया था जिसमें से 6 भगोड़े हैं।