नई दिल्ली, दिल्ली डेयरडेविल्स ने गुरुवार को फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के 21वें मैच में मुंबई इंडियंस के सामने के जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे डेयरडेविल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 190 रन बनाए।
मिशेल मैक्लेनगन ने पहले ही ओवर में मयंक अग्रवाल (1) का विकेट चटकाकर मुंबई को शुरुआती सफलता दिला दी, लेकिन इसके बाद कप्तान ज्यां पॉल ड्यूमिनी (नाबाद 78) ने श्रेयष अय्यर (83) के साथ दूसरे विकेट के लिए 154 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर टीम मजबूत स्थिति में ला दिया।
अय्यर और ड्यूमिनी के बीच यह साझेदारी आईपीएल-8 में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
इस मैच में अच्छी लय में नजर आए लसिथ मलिंगा ने 17वें ओवर में अय्यर को क्लीन बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। अय्यर ने 56 गेंदों की अपनी बेहतरीन पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए।
पहली ही गेंद पर चौके के साथ अपनी पारी शुरू करने वाले एंजेलो मैथ्यूज (17) हालांकि ज्यादा देर विकेट पर नहीं बिता सके और अगले ही ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। मैक्लेनगन ने उनका विकेट लिया।
19वें ओवर में मात्र छह रन देने वाले मलिंगा मुंबई के सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्हें चार ओवरों में 23 रन दिए और एक विकेट हासिल किया।
हालांकि एक छोर संभालकर तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे ड्यूमिनी ने 50 गेंदों का समना कर तीन चौके और छह छक्के लगाकर टीम को 190 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया।
बेहद महंगे साबित हुए जसप्रीत बुमराह ने आखिरी ओवर में युवराज सिंह (2) का विकेट लिया। उन्होंने चार ओवरो में 55 रन लुटाए।