कोलकाता: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के खिताबी मुकाबले में रविवार को इडेन गार्डन्स स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 203 रनों का लक्ष्य रखा है। निर्धारित 20 ओवरों में मुंबई ने पांच विकेट गंवाकर 202 रन बनाए।
सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने पहले ही ओवर में पार्थिव पटेल को खाता खोले बगैर पवेलियन की राह दिखा आक्रामक शुरुआत दिलाई। पटले को फाफ दू प्लेसिस रन आउट होकर पवेलियन लौटे।
कप्तान रोहित शर्मा (50) ने लेकिन लेंडल सिमंस (68) के साथ दूसरे विकेट के लिए 10 से अधिक के औसत से 119 रनों की साझेदारी कर सुपर किंग्स पर करारा पलटवार किया और टीम को दमदार स्थिति में पहुंचा दिया।
रोहित, सिमंस के क्रीज पर रहते मुंबई 12 ओवरों में 120 रन बना चुका था।
सुपर किंग्स ने भी यू-टर्न लेते हुए लगातार दो गेंदों पर रोहित और सिमंस को पवेलियन की राह दिखा दी और विशालकाय स्कोर की ओर बढ़ रहे मुंबई पर थोड़ी लगाम जरूर लगा दी।
रोहित 25 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर रवींद्र जडेजा के हाथों लपके गए।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने सभी को चौंकाते हुए 13वें ओवर में आक्रमण पर ड्वायन स्मिथ को बुलाया। हालांकि स्मिथ ने कप्तान के फैसले को बिल्कुल सही ठहराते हुए पहली ही गेंद पर सिमंस का विकेट चटका दिया। सिमंस 45 गेंदों पर आठ चौके और तीन छक्के लगाकर क्लीन बोल्ड हो पवेलियन लौटे।
लगातार दो विकेट गिरने के बावजूद रोहित और सिमंस ने आगामी बल्लेबाजों के लिए मजबूत आधार तैयार कर दिया था।
अंबाती रायडू (नाबाद 36) और कीरन पोलार्ड (36) ने इस मजबूत आधार का भरपूर लाभ उठाते हुए चौथे विकेट के लिए 71 रनों की तेज साझेदार निभाई।
स्मिथ के पास 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर इस साझेदारी को तोड़ने की सुनहरा मौका था लेकिन वह रायडू का एक आसान कैच छोड़ बैठे। पोलार्ड के 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट होने के साथ यह साझेदारी टूटी।
मोहित की गेंद पर सुरेश रैना को कैच थमाने से पहले पोलार्ड ने 18 गेंदों का सामना कर दो चौके और तीन छक्के लगाए।
हमेशा की तरह आखिरी ओवर लेकर आए ड्वायन ब्रावो ने हार्दिक पांड्या को खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया। पांड्या का कैच भी रैना ने ही लिया।
ब्रावो ने सुपर किंग्स के लिए सर्वाधिक दो विकेट लिए। इसके साथ ही वह आईपीएल-8 में कुल 26 विकेट के साथ शीर्ष पर मजबूत स्थिति में हैं और उनसे पर्पल कैप छीनने के लिए मुंबई के लसिथ मलिंगा को पांच विकेट चटकाने होंगे।