मुंबई: मुंबई इंडियंस टीम ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी आईपीएल-8 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए।
एक समय 11.4 ओवर में 79 रनों पर चार विकेट खोकर बेहद दबाव में नजर आ रहे मुंबई इंडियंस के लिए कीरन पोलार्ड (33 नाबाद) और हार्दिक पांड्या (61 नाबाद) ने पांचवें विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की। आखिरी पांच ओवरों में दोनों बल्लेबाजों ने 72 रन जोड़े।
कप्तान रोहित शर्मा ने 30 रनों की पारी खेली। हर्दिक ने 31 गेंदों की पारी में आठ चौके और दो शानदार छक्के जमाए।
बहरहाल, नाइट राइडर्स की ओर से उमेश यादव और मोर्ने मोर्कल ने कसी हुई गेंदबाजी के साथ शुरुआत की। इसकी बदौलत सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल (21) और लेंडल सिमंस (14) 4.2 ओवरों में पहले विकेट के लिए केवल 29 रन ही जोड़ सके।
पाथिर्व को चौथे ओवर में 16 रनों के व्यक्तिगत योग पर एक जीवनदान मिला। मोर्कल के इस ओवर में उमेश यादव ने पार्थिव का कैच छोड़ा।
नाइट राइडर्स के लिए हालांकि यह कैच छोड़ना ज्यादा महंगा साबित नहीं हुआ। हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर पार्थिव को पवेलियन भेज कर टीम को पहली सफलता दिलाई।
अगले ही ओवर में मोर्कल ने सिमंस को भी मनीष पांडे के हाथों कैच करा दिया। सातवें ओवर में मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका लगा और अंबाती रायडू केवल दो रनों की पारी खेल लॉन्ग ऑफ पर आंद्रे रसेल को कैच थमा बैठे। इसके बाद रोहित शर्मा को सुनील नरेन ने पवेलियन की राह दिखाई
नाइट राइडर्स की ओर से शाकिब ने दो जबकि मोर्कला और नरेन ने एक-एक सफलता हासिल की।