मुंबई: वानखेड़े स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के 32वें मैच में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 8 रनों से मात दे दी। मुंबई ने राजस्थान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 187 रन बनाए थे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की तरफ से अजिंक्य रहाणे ने 16 (12), शेन वाटसन 28 (23), संजू सैमसन 76 (46), स्टीवन स्मिथ 23 (20), करुण नायर 7 (6), दीपक हुड्डा 1(2), स्टुअर्ट बिन्नी 9 (6), टिम साउदी 6 (5), थेरॉन 1 (1) रनों की पारी खेली।
इससे पहले मुंबई की तरफ से अंबाती रायडू ने 27 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 53 रनों की पारी खेली। कीरन पोलार्ड (24) और अंबाती रायडू के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 29 गेंदों में 61 रनों की तेज साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आखिरी पांच ओवरों में 67 रन बटोरे। पोलार्ड आखिरी ओवर में पवेलियन लौटे।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतर मुंबई इंडियंस के लिए लेंडल सिमंस (38) और पार्थिव पटेल (23) ने 4.5 ओवरों में 43 रनों जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
सिमंस को मैच की दूसरी ही गेंद पर जीवनदान मिला। टिम साउदी की गेंद पर सिमंस ने बल्ला लगाया और गेंद विकेट के पीछे चली गई। विकेटकीपर संजू सैमसन हालांकि उसे अपने दस्ताने में नहीं समेट सके।
इसके बाद सिमंस ने मिले मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए 31 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। उन्हें पारी के 10वें ओवर में अंकित शर्मा ने पगबाधा किया।
बहरहाल, मुंबई इंडियंस का पहला विकेट धवल कुलकर्णी ने पार्थिव पटेल को अपनी ही गेंद पर कैच कर हासिल किया। पटेल ने 14 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए।
तीसरे क्रम पर उतरे उन्मुक्त चंद ने केवल 13 रनों का योगदान दिया। चंद के पवेलियन लौटने के बाद रोहित शर्मा (27) ने चौथे विकेट के लिए रायडू के साथ 25 गेंदों में 36 रन जोड़े।
रॉयल्स की ओर से धवल कुलकर्णी ने दो सफलता हासिल की। टिम साउदी, जुआन थेरोन और अंकित शर्मा को एक-एक विकेट मिला।