बेंगलुरू, आंद्रे रसेल (45) की विस्फोटक पारी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी वर्षा से बाधित आईपीएल-8 के 33वें लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स के सामने 10 ओवरों में 112 रनों का लक्ष्य रखा है। बारिश के कारण ढाई घंटे से भी ज्यादा समय बर्बाद हुआ और आखिरकार इसे 10-10 ओवरों तक के लिए सीमित किया गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट राइडर्स ने निर्धारित ओवरों में चार विकेट खोकर 111 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज रोबिन उथप्पा (23) और कप्तान गौतम गंभीर (12) ने पहले विकेट के लिए 3.5 ओवरों में 33 रन जोड़े। गंभीर को डेविड वीज ने प्वाइंट पर मंदीप सिंह के हाथों कैच कराया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए आंद्र रसेल ने नाइट राइडर्स को गति दी।
रसेल ने 17 गेंदों की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। रसेल ने दूसरे विकेट के लिए रोबिन उथप्पा के साथ 18 गेंदों में 38 रनों की साझेदारी की। सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर युजवेंद्र चहल ने उथप्पा को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
रसेल ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए रॉयन टेन डॉशेट के साथ 11 गेंदों में 25 रन जोड़ कर टीम की रनसंख्या को 100 के करीब पहुंचा दिया। रसेल रनआउट होकर तीसरे विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। टेन डॉशेट ने 12 रनों का योगदान दिया। यूसुफ पठान 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।
रॉयल चैलेंजर्स की ओर से मिशेल स्टार्क, वीज और चहल ने एक-एक सफलता हासिल की।