हैदराबाद: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को बांग्लादेशी टीम के खिलाफ सपाट पिच पर अच्छी गेंदबाजी करने के लिए अपने गेंदबाजों की तारीफ की। भारत ने एकमात्र टेस्ट में बांग्लादेश को 208 रन से शिकस्त दी और यह मैच 5 दिन तक चला जबकि मेहमान टीम के दर्जे को देखते हुए इसके जल्दी समाप्त होने की उम्मीद थी। इस जीत से भारत ने लगातार 19 टेस्ट में जीत दर्ज करने की लय जारी रखी। यह पूछने पर कि पिछले 19 टेस्ट में उन्होंने कप्तानी में कितना सुधार किया है तो कोहली ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो खिलाड़ी ही आपको ऐसा कप्तान बनाते हैं, जैसे आप हैं। सच कहूं तो कोई भी जानता है कि मैदान कैसे सजाया जाए, लेकिन आपको सुनिश्चित करना होता कि आप टीम की उर्जा को बरकरार रखने की जिम्मेदारी लें।’
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कोहली ने कहा, ‘मैं खुद को मैदान में उर्जावान रखता हूं ताकि अन्य खिलाड़ी जान सकें कि उन्हें विकेट हासिल करना है। गेंदबाज जानते हैं कि उन्हें क्या करने की जरूरत है लेकिन रिंग के अंदर क्षेत्ररक्षकों को गेंदबाजों का उत्साहवर्धन करने की जरूरत है। सबसे पहले मुझे ऐसा करने की जरूरत है ताकि खिलाड़ियों को उर्जा दिखाई जा सके। मैं ऐसा बरकरार रखने में सफल रहा हूं। कई बार, आप जानते हैं कि आप सिर्फ बतौर कप्तान इतना ही कर सकते हैं।’ तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन से भी कोहली संतुष्ट दिखे। कोहली ने कहा, ‘इसका श्रेय हमारे गेंदबाजों को जाता है, जो इस तरह की पिच पर परिणाम हासिल करने में सफल रहे। यह देखते हुए कि विकेट बैटिंग के लिए बहुत अच्छा था, हमें बांग्लादेश की पहली पारी के दौरान विकेट हासिल करने में थोड़ा संयम बरतना पड़ा। मुझे लगा उमेश, भुवी और ईशांत शर्मा पहली पारी में शानदार थे लेकिन इसमें उमेश ने सबसे अच्छी बॉलिंग की। दूसरी पारी में ईशांत ने सबसे अच्छी गेंदबाजी की।’
इन्हें भी पढ़ें:
- 23 टेस्ट में 15वीं जीत; कोहली ने धोनी, गांगुली, अजहर को पीछे छोड़ा
- अब हमारा दिल और दिमाग ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज पर: कोहली
कोहली ने कहा, ‘मैंने मैच के बाद कहा था कि हमारे स्पिनरों का स्तर हमारे तेज गेंदबाजों को आक्रामक बनने में मदद करता है क्योंकि जिस तरह से हमारे स्पिनर गेंदबाजी करते हैं, वे रन रोकते हैं, जैसे ही रिवर्स स्विंग शुरू होती है तो तेज गेंदबाज आक्रमण कर सकते हैं। मुझे लगता है कि आज ईशांत का स्पेल सचमुच अच्छा था, उन्होंने रफ्तार से गेंदबाजी की और उस दौरान विकेट झटकने के लिए काफी प्रयास करना पड़ा। उन्होंने क्रीज पर जमे दोनों बल्लेबाजों को आउट किया। यह हमारे लिए सचमुच काफी अच्छा रहा।’ बतौर कप्तान उनकी 19 मैचों की जीत के बारे में उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह मेरी वजह से है। मेरा मतलब है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हर कोई बेहतर करना चाहता है। हम टीम के तौर पर खेल रहे हैं, जिससे इस टीम में काफी अंतर ला दिया है। अगर आप देखें तो शायद 2016 में मैंने काफी रन जुटाए लेकिन 2015 में भी हमने काफी मैच जीते थे। मैंने ज्यादा रन नहीं जोड़े लेकिन अन्य खिलाड़ियों ने रन जुटाए थे।’