कानपुर: भारत-इंग्लैंड के बीच हो रही 3 टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड ने भारत को 7 विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड को जीत दिलाने में टीम के दोनों ओपनर्स के साथ-साथ कप्तान इयॉन मॉर्गन और जो रूट ने अहम भूमिका निभाई। इस मैच में जीत के साथ ही इंग्लैंड तीन मैचों की इस सीरीज में 1-0 से आगे हो गया है।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड के ओपनर्स ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। जब जेसन रॉय (19) के रूप में इंग्लैंड की टीम का पहला विकेट गिरा तब इंग्लैंड का स्कोर सिर्फ 3.2 ओवर में 42 रन था। इंग्लैंड को दूसरा झटका भी पारी के चौथे ओवर में ही लगा जब सैम बिलिंग्स (22) भी चलते बने। हालांकि इसके बाद कप्तान इयॉन मॉर्गन और जो रूट ने संभलकर खेलते हुए अपनी टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। 126 के टोटल स्कोर पर मॉर्गन (51) अपनी फिफ्टी पूरी करने के तुरंत बाद ही आउट हो गए। हालांकि उनके जाने के बाद जो रूट (46) और बेन स्टोक्स (2) ने अपनी टीम को और कोई नुकसान नहीं होने दिया और जीत दिला दी। भारत की तरफ से यजुवेंद्र चहल ने 2 और परवेज रसूल ने एक विकेट लिया।

सुरेश रैना। (AP फोटो)
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की तरफ से ओपनिंग करने आए कप्तान विराट कोहली और लोकेश राहुल (8) ने पहले विकेट के लिए 34 रन जोड़े। भारत का दूसरा विकेट कोहली (29) के रूप में 55 रन पर गिरा। उनके जाने के कुछ देर बाद ही युवराज सिंह (12) भी चलते बने। भारत का स्कोर अभी 95 रन ही पहुंचा था कि सुरेश रैना भी आउट हो गए। उन्होंने 23 गेंद खेलकर 34 रन बनाए। रैना के आउट होने के बाद भी विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा और मनीष पांडेय (3) भी जल्दी ही आउट हो गए।
हार्दिक पांड्या ने संभलकर खेलने की कोशिश की लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर पाए और 12 गेंद में कुल 9 रन बनाकर आउट हो गए। इस मैच से डेब्यू कर रहे परवेज रसूल (5) भारत के 7वें विकेट के रूप में आउट हुए। महेंद्र सिंह धोनी ने (34 नॉटआउट) ने रनगति तेज करने की काफी कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। जसप्रीत बुमराह बगैर कोई स्कोर किए नाबाद लौटे। इंग्लैंड की तरफ से मोईन अली को 2 जबकि स्टोक्स, प्लंकेट, जॉर्डन और मिल्स को एक-एक विकेट मिला।