कानपुर: न्यूज़ीलैंड ने शुक्रवार को यहां टेस्ट सिरीज़ के पहले मैच के दूसरे दिन भोजनकाल तक पहली पारी में भारत के 318 के स्कोर के जवाब में एक विकेट खोकर 71 रन बना लिए। इस समय ओपनर टॉम लाथम (250 और कप्तान कैन विलियम्सन (21) क्रीज़ पर हैं। आउट होने वाले बल्लेबाज़ मार्टिन गप्टल रहे जिन्होंने 21 रन बनाए। गप्टल को उमेश यादव ने पगबाधा आउट किया।
इसके पहले आज कल के 291/9 स्कोर के आगे खेलते हुए रविंद्र जडेजा और यादव ने दिन की शुरुआत की। जडेजा ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए 44 बॉल पर 42 रन बनाए लेकिन दूसरे छोर पर यादव उनका ज़्यादा साथ नहीं दे पाए और वैगनर को अपना विकेट दे बैठे।
भारतीय पारी की समाप्ति के बाद गप्टल और लाथम ने सधी हुई शुरुआत की और लगा कि वे लंच तक आउट नहीं होंगे लेकिन तभी यादव ने गप्टल का विकेट लेकर भारत को सुबह पहली सफलता दिलाई। इसके बाद विलियमसन ने लाथम का साथ थामा और टीम का स्कोर भोजनकाल तक 71 रनों तक पहुंचा दिया। दोनों के बीच अभी तक 36 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
भारत की तरफ से पहली पारी में सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 170 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके लगाए। मुरली के अलावा चेतेश्वर पुजारा (62) भारत की तरफ से अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। उन्होंने अपनी पारी में 109 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए थे।
न्यूजीलैंड की ओर से तेज गेंदबाज ट्रेंट बाउल्ट और स्पिनर मिशेल सेंटनर ने तीन-तीन विकेट लिए। नील वेगरन ने दो, जबकि मार्क क्रेग और इश सोढ़ी को 1-1 सफलता मिली।