1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अख्तर के भारत-पाक सीरीज के सुझाव को कपिल ने किया खारिज, कहा- भारत को धन की जरूरत नहीं

अख्तर के भारत-पाक सीरीज के सुझाव को कपिल ने किया खारिज, कहा- भारत को धन की जरूरत नहीं

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 09, 2020 04:12 pm IST,  Updated : Apr 09, 2020 04:12 pm IST

महान क्रिकेटर कपिल देव ने गुरूवार को शोएब अख्तर के कोविड-19 महामारी के लिये धन जुटाने के मद्देनजर भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के सुझाव को खारिज करते हुए कहा कि भारत को धन की जरूरत नहीं है।

अख्तर के भारत-पाक...- India TV Hindi
अख्तर के भारत-पाक सीरीज के सुझाव को कपिल ने किया खारिज, कहा- भारत को धन की जरूरत नहीं Image Source : GETTY IMAGES/YOUTUBE

नई दिल्ली। महान क्रिकेटर कपिल देव ने गुरूवार को शोएब अख्तर के कोविड-19 महामारी के लिये धन जुटाने के मद्देनजर भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के सुझाव को खारिज करते हुए कहा कि भारत को धन की जरूरत नहीं है और क्रिकेट मैच के लिये जिंदगियों का जोखिम लेने की जरूरत नहीं है।

अख्तर ने बुधवार को पीटीआई से बात करे हुए बंद स्टेडियम में श्रृंखला कराने का प्रस्ताव दिया था और कपिल ने कहा कि यह संभव नहीं है। कपिल ने पीटीआई से कहा, ‘‘उनकी अपनी राय है लेकिन हमें धन जुटाने की जरूरत नहीं है। हमारे पास काफी है। हमारे लिये इस समय एक चीज अहम है कि हमारा प्रशासन मिलकर इस संकट से कैसे निपटता है। मैं टीवी पर राजनेताओं के काफी आरोप प्रत्यारोप देख रहा हूं और यह भी रूकना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वैसे भी बीसीसीआई ने इस महामारी के लिये काफी बड़ी राशि (51 करोड़ रूपये) दान दी है और अगर जरूरत पड़ती है तो वह इससे भी ज्यादा दान दे सकता है, उसे इस तरह धन जुटाने की जरूरत नहीं है।’’

विश्व कप विजेता टीम के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘हालात के इतनी जल्दी सामान्य होने की संभावना नहीं है और क्रिकेट मैच आयोजित करने का मतलब है कि अपने क्रिकेटरों को जोखिम में डालना जिसकी हमें जरूरत नहीं है।’’ कपिल ने कहा कि कम से कम अगले छह महीनों तक क्रिकेट मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा, ‘‘यह जोखिम लेने के लायक नहीं है। और आप इन तीन मैचों से कितनी राशि जुटा सकते हो। मेरे विचार से आप अगले पांच से छह महीनों तक क्रिकेट के बारे में सोच भी नहीं सकते।’’

उन्होंने कहा कि इस समय ध्यान सिर्फ जिंदगियां बचाने पर और गरीबों की देखभाल करने का होना चाहिए जिन्हें लॉकडाउन में काफी मुश्किल हो रही है। कपिल ने कहा, ‘‘जब चीजें सामान्य हो जायेंगी तो क्रिकेट शुरू हो जायेगा। खेल देश से बड़ा नहीं हो सकता। इस समय गरीबों की देखभाल की जरूरत है, उनके साथ इस लड़ाई में जो लोग लगे हैं जैसे अस्पताल के कर्मचारी, पुलिस और अन्य लोग।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल