चेन्नई, मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज लेंडल सिमंस ने कहा है कि उनके नाम भले ही ज्यादा अर्धशतकीय पारी नहीं है, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाने के कारण वह अपने प्रदर्शन से खुश हैं। मुंबई इंडियंस टीम शुक्रवार को चेन्नई सुपरकिंग्स को छह विकेट से हराकर अंकतालिका में चौथे पायदान पर पहुंच गई।
वेबसाइट आईपीएलटी20 डॉट कॉम के अनुसार, सिमंस ने कहा, "अभी तक मैंने जैसा प्रदर्शन किया है उससे खुश हूं। ज्यादा अर्धशतक जरूर मेरे नाम नहीं हैं लेकिन टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में कामयाब रहा हूं। यह अच्छा स्कोर खड़ा करने के लिहाज से अच्छी बात है।"
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल-8 की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और टीम को पहले चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने जबर्रदस्त वापसी की और शुक्रवार की जीत टीम की लगातार पांचवीं जीत रही।
इस बारे में पूछे जाने पर सिमंस ने कहा, "पिछले साल भी हम ऐसी ही परिस्थिति में थे और पहले पांच मैचों में हमें हार का सामना करना पड़ा। उम्मीद करता हूं कि हार का सिलसिला अब थम गया है और हम जीत के क्रम को जारी रखेंगे।"