मीरपुर: एशिया कप क्रिकेट में बगैर कोई मैच गंवाए ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद कप्तान एम.एस. धोनी ने कहा कि विश्व T-20 मैच के लिए वे लोग सही राह पर हैं जो दो दिनों में शुरू होने वाला है। फाइनल में भारत ने बांग्लादेश के 121 रनों का पीछा करते हुए सात गेंदें शेष रहते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की।
धोनी ने कहा कि शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने जीत आसान कर दी। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का शुक्रिया। उन्होंने काम काफी आसान कर दिया। मध्य क्रम के बल्लेबाज सिर्फ गए और उसके बाद जरूरी चीजें की। अब यह बहुत अच्छा लग रहा है, हम वल्र्ड T-20 के लिए सही राह पर हैं।
धोनी ने कहा कि पेसमैन जसप्रीत बुमराह और युवा ऑल राउंडर हार्दिक पांडया टीम को मजबूती दे रहे हैं। बदले हुए बल्लेबाजी क्रम में खुद को अनुकूल बनाने को लेकर युवराज सिंह की भी धोनी ने सराहना की। 60 रनों की पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच बने शिखर धवन ने कहा कि यह उनके लिए खास पारी थी।
बांग्लादेश के कप्तान मशरफी मोर्तजा ने बताया कि उनकी टीम अच्छा कर रही है और वे काफी विश्वास के साथ विश्व T-20 में जाएंगे। विराट कोहली ने कहा कि रोहित शर्मा के आउट होने के बाद शिखर धवन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। धवन के साथ उनकी साझेदारी मैच के लिए निर्णायक रही।
कोहली ने कहा कि विरोधी भीड़ के सामने खेलने की चुनौती उन्हें पसंद है। इस बीच बीसीसीआई ने एशिया कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी है।
BCCI अध्यक्ष शशांक मनोहर ने एक विग्यप्ति में कहा कि एशिया कप में जीत के साथ टीम इंडिया ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपना वर्चस्व साबित कर दिया है और एशिया में सर्वश्रेष्ठ T-20 टीम के रूप में उभरी। टीम को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि भारत ICC वर्ल्ड T-20 की मेजबानी करने वाला है, ऐसे में यह सही दिशा में एक कदम है।