मीरपुर: शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पाकिस्तान ने आठ विकेट पर 557 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित करने के बाद दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश के पांच विकेट चटकाकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। कप्तान मुशफिकुर रहीम (12) का विकेट गिरते ही दिन का खेल खत्म घोषित कर दिया गया। शाकिब अल हसन 14 रन बनाकर नाबाद लौटे।
बांग्लादेश के लिए इमरुल कायेस (32) महमुदुल्ला (28) ही कुछ हद तक संघर्ष कर सके। बांग्लादेश अब तक पांच विकेट खोकर 107 रन बना सका है और पहली पारी के आधार पर अभी भी 450 रन पीछे चल रहा है।
इससे पहले तीन विकेट पर 323 रन से आगे खेलने उतरी पाकिस्तान टीम के लिए कप्तान मिस्बाह उल हक (9) पहले दिन के अपने स्कोर में एक भी रन का इजाफा नहीं कर सके और दिन की चौथी गेंद पर ही शाकिब ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया।
इसके बाद हालांकि शतक बनाकर पहले दिन नाबाद लौटे अजहर अली (226) ने असद शफीक (107) के साथ पांचवें विकेट के लिए 207 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
पाकिस्तान के लिए पहले दिन यूनिस खान (148) ने भी शतकीय पारी खेली थी।
बांग्लादेश के लिए पहली पारी में ताइजुल इस्लाम ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद शाहिद और शुवगता होम को दो-दो सफलताएं मिलीं।
वहीं पाकिस्तान की ओर से अब तक जुनैद खान और यासिर शाह दो-दो विकेट चटका चुके हैं।
दो मैचों की टेस्ट सीरीज का यह आखिरी और निर्णायक मैच है, क्योंकि पहला मैच ड्रॉ रहा था।