मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने सोमवार को कहा कि विस्फोटक बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम की टूर्नामेंट में आगे अनुपस्थिति टीम को खलेगी। सुपर किंग्स ने अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए आईपीएल-8 के प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया है।
सुपर किंग्स लेकिन मंगलवार को जब पहले क्वालीफायर मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने उतरेंगे तो इस टूर्नामेंट में उनके लिए अब तक पारी की दमदार शुरुआत करने वाले मैक्लम नहीं रहेंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान मैक्लम इंग्लैंड के खिलाफ 21 मई से शुरू हो रही टेस्ट श्रृंखला में हिस्सा लेने के लिए स्वदेश लौट चुके हैं।
फ्लेमिंग ने अपनी टीम के क्वालीफायर-1 मुकाबले की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मैक्लम की अनुपस्थिति से टीम काफी प्रभावित होगी। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं। लेकिन हम टीम में माइकल हसी को पिछले मैच से टीम में शामिल कर चुके हैं।"
फ्लेमिंग ने कहा, "सलामी बल्लेबाज ड्वायन स्मिथ का मुंबई में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। तो हम स्मिथ और हसी की सलामी जोड़ी को लेकर लंबे समय से योजना बना रहे थे। हम हसी को थोड़ा और वक्त देंगे।"
फ्लेमिंग ने कहा कि मैक्लम की अनुपस्थिति में तेज गति से रन बनाने की जिम्मेदारी अब सुरेश रैना निभाएंगे।