1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मिताली की कप्तानी पारी से भारत की जोरदार जीत

मिताली की कप्तानी पारी से भारत की जोरदार जीत

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 06, 2015 06:11 pm IST,  Updated : Jul 06, 2015 06:12 pm IST

बेंगलुरू: मिताली राज की कप्तानी पारी और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंदाना के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से भारतीय महिला टीम ने चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां न्यूजीलैंड को 34 गेंद शेष रहते

मिताली की कप्तानी...- India TV Hindi
मिताली की कप्तानी पारी से भारत की जोरदार जीत

बेंगलुरू: मिताली राज की कप्तानी पारी और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंदाना के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से भारतीय महिला टीम ने चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां न्यूजीलैंड को 34 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबर की।

भारतीय बल्लेबाजों ने सही समय पर अपनी फार्म दिखायी और न्यूजीलैंड के मजबूत स्कोर को साधारण साबित करने में कसर नहीं छोड़ी। मिताली ने 88 गेंदों पर दस चौकों की मदद से नाबाद 81 रन बनाये और इस बीच एकदिवसीय मैचों में 5000 रन भी पूरे किये। इंग्लैंड की चार्लोट एडवड्र्स के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह दुनिया की दूसरी महिला बल्लेबाज हैं।

मिताली ने स्मृति : 66 : के साथ दूसरे विकेट के लिये 124 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत कौर ने 25 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन की तूफानी पारी खेली जिससे भारत ने 221 रन का लक्ष्य 44 . 2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर दिया।

न्यूजीलैंड ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 . 5 ओवर में 220 रन बनाये थे। उसकी पारी का आकर्षण सोफी डिवाइन के 89 रन रहे जिसके लिये उन्होंने 102 गेंद खेली तथा दस चौके और तीन छक्के लगाये। एमी सैटरवेट ने 43 और कप्तान सूजी बेट्स ने 27 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से बायें हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने 25 रन देकर तीन और एन निरंजना ने 35 रन के एवज में तीन विकेट लिये।

भारत श्रृंखला का पहला मैच जीतने के बाद अगले दोनों मैच हार गया था। आज की जीत से उसे आईसीसी चैंपियनशिप में फायदा नहीं मिलेगा लेकिन इससे उसने श्रृंखला जीतने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। पांचवां और अंतिम मैच आठ जुलाई को खेला जाएगा।

मिताली इस मैच से पहले रन बनाने के लिये जूझ रही थी जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ रहा था लेकिन आज उन्होंने आगे बढ़कर नेतृत्व किया। मिताली ने तिरूष कामिनी : 31 : ने आउट होने के बाद क्रीज पर कदम रखा। कामिनी ने स्मृति के साथ पहले विकेट के लिये 49 रन जोड़ने के बाद डीप मिडविकेट पर आसान कैच थमाया।

मिताली ने क्रीज पर कदम जमाने के लिये थोड़ा समय लिया और अपने खूबसूरत ड्राइव और फ्लिक से स्टेडियम में मौजूद चंद दर्शकों को रोमांचित किया।
 
स्मृति ने भी उनसे प्रेरणा लेकर कुछ अच्छे शाट लगाये जिससे भारत ने इस श्रंखला में पहली शतकीय साझेदारी पूरी की। स्मृति के आउट होने के बाद हरमनप्रीत ने लंबे शाट खेलने के अपने कौशल का अच्छा नजारा पेश किया।

इससे पहले सूजी बेट्स ने आठ मैचों के बाद पहली बार टास जीता लेकिन न्यूजीलैंड ने शुरू में ही राचेल प्रीस्ट : दो : का विकेट गंवा दिया। सैटरवेट और बेट्स ने दूसरे विकेट के लिये 62 रन जोड़कर स्थिति संभाली। ये दोनों बल्लेबाज हालाकि दस रन के अंदर आउट हो गये। पूनम यादव ने बेट्स को प्वाइंट पर कैच कराया सैटरवेट को हरमनप्रीत : 23 रन देकर दो विकेट : ने बोल्ड किया।

डेवाइन ने हालांकि आक्रामक रवैया अपनाया लेकिन भारतीय स्पिनर अन्य बल्लेबाजों पर अंकुश लगाये रखने में सफल रही।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल