1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC वर्ल्ड कप को लेकर जसप्रीत बुमराह का बड़ा बयान

ICC वर्ल्ड कप को लेकर जसप्रीत बुमराह का बड़ा बयान

 Written By: IANS
 Published : Jul 26, 2018 12:10 pm IST,  Updated : Jul 26, 2018 12:10 pm IST

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाने के बावजूद भारतीय टीम का मनोबल काफी ऊंचा है।

जसप्रीत बुमराह- India TV Hindi
जसप्रीत बुमराह Image Source : PTI

मुंबई। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाने के बावजूद भारतीय टीम का मनोबल काफी ऊंचा है। बुमराह को पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में अंगूठे में चोट लग गई थी जिसकी वजह से वह इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज का हिस्सा नहीं थे। ऐसा माना जा रहा है कि बुमराह अब भी अपने अंगूठे की चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं और उनका एक अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रहे टेस्ट सीरीज में भी खेलना तय नहीं है। 

बुमराह ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस की वेबसाइट पर कहा, " एक इकाई के रूप में टीम काफी मजबूत है। हर कोई खुश है।" उन्होंने कहा, " टीम के सभी खिलाड़ी एक-दूसरे की सफलता का आनंद लेते हैं। टीम में कोई जलन नहीं है। जब टीम अच्छा करती है तो हर कोई खुश होता है।" 

भारतीय टीम जनवरी 2016 के बाद से पहली बार कोई वनडे द्विपक्षीय सीरीज हारी है। लेकिन यॉर्करमैन बुमराह का मानना है कि इस हार के बावजूद टीम का मनोबल काफी ऊंचा है और टीम के खिलाड़ियों का पूरा ध्यान अगले साल होने वाले विश्व कप पर है। 

24 वर्षीय बुमराह ने कहा, "हमने पिछले दो-तीन वर्षो में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। यहां कोई व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं है जिसे खिलाड़ी हासिल करना चाहता हो। यह एक टीम का लक्ष्य है। टीम विश्व कप के लिए भी काफी अच्छी तैयारी कर रही है।" 

भारत के लिए तीन टेस्ट, 37 वनडे और 35 टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके बुमराह ने कहा, "हर कोई टीम के लिए कुछ करना चाहता है जो कि आगे बढ़ने की दिशा में एक अच्छा संकेत है। यह एक सकारात्मक संदेश है जिससे आगामी विदेशी दौरों पर काफी मदद मिल सकती है।" 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल