1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अपने डेब्यू टेस्ट में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, शायद ही कभी टूटे!

अपने डेब्यू टेस्ट में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, शायद ही कभी टूटे!

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 01, 2017 04:37 pm IST,  Updated : Dec 01, 2017 04:37 pm IST

न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट के दौरान एक ऐसा रिकॉर्ड बना जिसके बारे में सोचना भी मुश्किल है...

Sunil Ambris Hit Wicket- India TV Hindi
Sunil Ambris Hit Wicket

वेलिंगटन: कई बार क्रिकेट में कुछ ऐसे रिकॉर्ड बन जाते हैं, जिनके बारे में कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट के दौरान भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। इस मैच में नील वैग्नर ने वेस्टइंडीज की हालत खस्ता कर रखी थी, ऐसे में चौथा विकेट गिरने के बाद इस टेस्ट से डेब्यू कर रहे सुनील एम्ब्रिस मैदान पर उतरे। वेस्टइंडीज की टीम को उनसे काफी उम्मीदें रही होंगी लेकिन वह पहली ही गेंद पर आउट होकर वापस आ गए। खास बात यह रही कि वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए जो अपने पहले ही टेस्ट की पहली ही गेंद पर हिट विकेट हो गया हो।

सुनील एम्ब्रिस द्वारा यह अनचाहा रिकॉर्ड बनने के साथ ही वेग्नर के विकेटों की संख्या में एक और विकेट बढ़ गया। एम्ब्रिस ने एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जो शायद ही कभी टूटे। यह रिकॉर्ड तभी टूट सकता है जब अपना पहला टेस्ट खेल रहा कोई बल्लेबाज वाइड या नो बॉल पर हिट विकेट हो जाए। मैच की बात करें तो नील वेग्नर के कैरियर के सर्वश्रेष्ठ 7 विकेट की मदद से न्यूजीलैंड ने पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन वेस्टइंडीज पर दबाव बना दिया। दक्षिण अफ्रीकी मूल के वेग्नर ने 39 रन देकर 7 विकेट लिए जिसकी मदद से न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को पहली पारी में 45.4 ओवर के भीतर 134 रन पर आउट कर दिया। 

जवाब में न्यूजीलैंड ने दो विकेट पर 85 रन बना लिये थे। जीत रावल 29 और रोस टेलर 12 रन बनाकर खेल रहे थे। टॉम लाथम (37) और केन विलियमसन (एक) जल्दी आउट हो गए। इससे पहले वेग्नर के स्पेल के आगे वेस्टइंडीज का कोई बल्लेबाज नहीं टिक सका। कीरान पॉवेल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए जो ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर रावल को कैच देकर पवेलियन लौटे। वेस्टइंडीज के 5 बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके। वेग्नर के 7 विकेट के अलावा बोल्ट ने 2 विकेट लिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल