1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाक ने रिकार्ड लक्ष्य हासिल करके श्रीलंका से श्रृंखला जीती

पाक ने रिकार्ड लक्ष्य हासिल करके श्रीलंका से श्रृंखला जीती

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 07, 2015 03:43 pm IST,  Updated : Jul 07, 2015 03:48 pm IST

पाल्लेकल: यूनिस खान ने अपने अनुभव और बल्लेबाजी कौशल का उत्कृष्ट नमूना पेश करके आज यहां नाबाद 171 रन की पारी खेली जिससे पाकिस्तान ने रिकार्ड लक्ष्य हासिल करके श्रीलंका को तीसरे और आखिरी टेस्ट

पाक ने रिकार्ड लक्ष्य...- India TV Hindi
पाक ने रिकार्ड लक्ष्य हासिल करके श्रीलंका को हराया

पाल्लेकल: यूनिस खान ने अपने अनुभव और बल्लेबाजी कौशल का उत्कृष्ट नमूना पेश करके आज यहां नाबाद 171 रन की पारी खेली जिससे पाकिस्तान ने रिकार्ड लक्ष्य हासिल करके श्रीलंका को तीसरे और आखिरी टेस्ट क्रिकेट मैच में सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।

मैन आफ द मैच यूनिस ने अपनी इस पारी के दौरान शान मसूद : 125 : के साथ तीसरे विकेट के लिये 242 रन और कप्तान मिसबाह उल हक : नाबाद 59 : के साथ चौथे विकेट के लिये 127 रन की दो महत्वपूर्ण साझेदारियां की। इससे 377 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिये उतरा पाकिस्तान तीन विकेट पर 382 रन बनाकर टेस्ट क्रिकेट में छठा सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा।

पाकिस्तान ने अपने टेस्ट इतिहास में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रिकार्ड भी बनाया। इससे पहले उसका सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का रिकार्ड नौ विकेट पर 315 रन था जो उसने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 1994 में कराची में हासिल किया था। उसने 2006 के बाद श्रीलंका में पहली टेस्ट श्रृंखला भी जीती। पाकिस्तान पहली विदेशी टीम है जिसने श्रीलंकाई सरजमीं पर 300 से अधिक का लक्ष्य हासिल किया। इस जीत से पाकिस्तान आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भी तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

कप्तान मिसबाह ने जेहान मुबारक पर विजयी छक्का लगाया। यह तीसरा अवसर है जबकि उन्होंने अपनी टीम को छक्क से जीत दिलायी। इससे पहले वह 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में और 2013 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अबुधाबी में यह कमाल दिखा चुके हैं। इस छक्के से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन भी पूरे किये। जैक हाब्स के बाद वह दूसरे खिलाड़ी हैं जो सबसे अधिक उम्र में इस मुकाम पर पहुंचे।

वह यूनिस थे जिन्होंने पाकिस्तान की इस ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभायी। वह उस समय क्रीज पर उतरे जबकि पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 13 रन था और इसके बाद उन्होंने आखिर तक एक छोर संभाले रखा। यूनिस ने इस बीच लगभग सात घंटे क्रीज पर बिताकर 271 गेंद खेली तथा 18 चौके लगाये।

यूनिस ने पाकिस्तान की तरफ से चौथी पारी में सर्वाधिक स्कोर का नया रिकार्ड भी बनाया। इससे पहले का रिकार्ड सलीम मलिक : 155 : के नाम पर था जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ ही 1997 में कोलंबो में बनाया था।

अपना 101वां टेस्ट मैच खेल रहे यूनिस के नाम पर अब टेस्ट क्रिकेट में 8814 रन दर्ज हैं और उन्हें जावेद मियादाद के 8832 रन के पाकिस्तानी रिकार्ड को तोड़ने के लिये केवल 19 रन की दरकार है।

पाकिस्तान ने सुबह दो विकेट पर 230 रन से आगे खेलना शुरू किया और जल्द ही मसूद का विकेट गंवा दिया जिन्हें तारिंदु कौशल की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश चंदीमल ने स्टंप आउट किया। मसूद ने साढ़े पांच घंटे तक चली पारी में 233 गेंदें खेली और 11 चौके व एक छक्का लगाया। यह उनका पहला टेस्ट शतक है।

श्रीलंका ने 80 ओवर पूरे होने के तुरंत बाद नयी गेंद ली लेकिन विकेट से तेज गेंदबाजों को मदद नहीं मिल रही थी और वे पाकिस्तान के दोनों अनुभवी बल्लेबाज यूनिस और मिसबाह को परेशानी में नहीं डाल पाये। यूनिस ने तो पहले ही अच्छी तरह से क्रीज पर पांव जमा लिये थे जबकि मिसबाह ने भी सतर्कता और आक्रामकता दिखाकर रन बटोरे। मिसबाह ने 103 गेंद खेली तथा आठ चौके और एक छक्का लगाया।

श्रीलंका को अनुभवी स्पिनर रंगना हेराथ की कमी खली जिन्हें अंतिम एकादश में नहीं चुना गया था। युवा आफ स्पिनर कौशल प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। उन्होंने 31 ओवरों में 153 रन दिये और एक विकेट लिया।

पाकिस्तान ने गाले में पहला टेस्ट मैच दस विकेट से जीता था जबकि श्रीलंका ने कोलंबो में दूसरा टेस्ट सात विकेट से जीतकर श्रृंखला बराबर करायी थी।

पाकिस्तान की जीत में उसके लेग स्पिनर यासिर शाह ने भी अहम भूमिका निभायी। उन्हें मैन आफ द सीरीज चुना गया।

इन दोनों टीमों के बीच पांच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच और दो टी20 मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल