लंदन: इंग्लैंड की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कोच पद से शनिवार को बर्खास्त किए गए पीटर मूर्स ने निराशा जताते हुए कहा है कि उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया। मूर्स को एक साल पहले ही दोबारा इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वेबसाइट क्रिकइंफो के अनुसार मूर्स ने कहा, "मैंने जब यह पद स्वीकार किया उस समय मुझे मालूम था कि यह काम चुनौतीपूर्ण होगा। इंग्लैंड क्रिकेट को निखारने के लिए मुझे और समय तथा समर्थन चाहिए था। मैं निराश इसलिए हूं, क्योंकि मुझे पर्याप्त समय नहीं दिया गया।"
अब टीम के सहायक कोच पॉल फ्रेबरेस 21 मई से शुरू हो रहे न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में टीम के मुख्य कोच पद का जिम्मा संभालेंगे।
मूर्स के अनुसार, "मुझे पूरा विश्वास है कि भविष्य में मेरे काम को सराहा जाएगा और मैंने जो टीम और खिलाड़ी तैयार किए हैं, वे इंग्लैंड टीम को और आगे ले जाएंगे।"
मूर्स इससे पहले वर्ष 2007-08 में पहली बार इंग्लैंड के कोच बने थे और तब उन्होंने लंबे समय से बाहर चल रहे ग्रीम स्वान को टीम में वापस बुलाया। साथ ही मैट प्रायर भी उनके कार्यकाल में पहली बार इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए चुने गए। तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड को एक साथ इंग्लिश आक्रमण के रूप में मैदान में उतराने की शुरुआत भी मूर्स ने ही की।