1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत-बांग्लादेश के बीच इंदौर में होने वाले टेस्ट मैच में होंगे सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ये है वजह

भारत-बांग्लादेश के बीच इंदौर में होने वाले टेस्ट मैच में होंगे सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ये है वजह

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 01, 2019 09:02 am IST,  Updated : Nov 01, 2019 09:02 am IST

अयोध्या विवाद के मुकदमे में उच्चतम न्यायालय के संभावित फैसले के मद्देनजर पुलिस को 14 नवंबर से शुरू होने वाले भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच को सुरक्षा प्रदान करने के लिये पर्याप्त बल जुटाने को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ेगी।

ind vs ban- India TV Hindi
भारत-बांग्लादेश के बीच इंदौर में होने वाले टेस्ट मैच में होंगे सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ये है वजह Image Source : TWITTER

इंदौर (मध्य प्रदेश)। अयोध्या विवाद के मुकदमे में उच्चतम न्यायालय के संभावित फैसले के मद्देनजर पुलिस को यहां 14 नवंबर से शुरू होने वाले भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच को सुरक्षा प्रदान करने के लिये पर्याप्त बल जुटाने को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ेगी।

इंदौर रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वरुण कपूर ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया, "अयोध्या विवाद में शीर्ष न्यायालय का फैसला आने की संभावना के कारण यहां भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच का आयोजन संवेदनशील समय पर होगा। इसके बावजूद हम इस मुकाबले के लिये पर्याप्त पुलिस बल जुटाते हुए सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करेंगे।"

उन्होंने बताया कि अयोध्या विवाद के संभावित फैसले के मद्देनजर इंदौर रेंज के आठ जिलों में तैनात किये जाने वाले पुलिस बल की आवश्यकता को लेकर समीक्षा की जा रही है। यह रेंज कानून-व्यवस्था के लिहाज से सूबे के सबसे संवेदनशील इलाकों में गिनी जाती है।

कपूर ने कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि अयोध्या विवाद के संभावित फैसले से पहले हमें अपनी आवश्यकताओं के मुताबिक पुलिस मुख्यालय से पर्याप्त बल मिल जायेगा।"

एडीजी ने बताया कि अयोध्या विवाद के संभावित फैसले को देखते हुए पुलिस की सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर बनी हुई है। उन्होंने चेताया कि सोशल मीडिया के जरिये सांप्रदायिक फिजा खराब करने वाली चीजें फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाये जायेंगे।

गौरतलब है कि भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला का शुरूआती मुकाबला यहां होलकर स्टेडियम में 14 से 18 नवंबर के बीच खेला जाना है। सूबे के सबसे बड़े शहर के इस स्टेडियम की क्षमता करीब 27,000 दर्शकों की है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल