नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप-2016 तक टीम इंडिया के नियमित कोच का पद खाली रहेगा। एक अंग्रेजी वेबसाइट ने यह दावा किया है। इसकी रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने कोच की नियुक्ति अगले साल तक के लिए टाल दी है।
अभी तक बांग्लादेश सीरीज के बाद ही नियमित कोच की नियुक्ति की बात कही जा रही थी। बांग्लादेश सीरीज के दौरान टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री अंतरिम कोच की भूमिका में थे, जबकि बॉलिंग कोच भारत अरुण, फील्डिंग कोच आर. श्रीधर और बैटिंग कोच संजय बांगड़ थे।
बोर्ड के इस फैसले के पीछे नए कोच को लेकर टेस्ट कप्तान विराट कोहली और वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बीच मतभेद को वजह माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया था कि कोहली शास्त्री को कोच बनाए जाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं, वहीं धोनी इस पूर्व क्रिकेटर को कोच बनाए जाने को लेकर उदासीन हैं। धोनी अब भी पूर्व कोच डंकन फ्लेचर की ही बात करते दिखते हैं।
बांग्लादेश दौरे के आखिर में भारतीय वनडे और टी-20 टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नए कोच के सवाल को टालते हुए कहा था, "टीम इंडिया को फिलहाल नियमित कोच की जरूरत नहीं है। टीम बगैर कोच के ही बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
सपोर्ट स्टाफ में काबिल लोग हैं।" दूसरी ओर विराट कोहली पूर्व क्रिकेटर और टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री को कोच बनाने के पक्ष में हैं। रवि शास्त्री भी कोच बनने के लिए तैयार हैं। बांग्लादेश टूर पर जाने से पहले रवि शास्त्री ने कहा था, "मेरा कार्यकाल उम्मीद से अधिक लंबा होगा। जरूरत पड़ने पर मैं डायरेक्टर के अलावा कोच भी बनने के लिए तैयार हूं।