कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट की पहली पारी में अपने करियर का दूसरा शतक जड़ने वाले भारत के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने आज कहा कि वह टीम की जरूरत के अनुसार किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हैं।
राहुल ने कल श्रीलंका के खिलाफ पारी की शुरूआत करते हुए पी सारा ओवल में दूसरे टेस्ट के पहले दिन 108 रन की पारी खेली थी।
बीसीसीआई.टीवी ने राहुल के हवाले से कहा, मेरा हमेशा से मानना है कि पेशेवर क्रिकेटर के रूप में आपको लचीलापन दिखाना होगा और टीम आपको जो भी करने के लिए कहे आपको उससे तेजी से सामंजस्य बैठाने के लिए तैयार रहना चाहिए और टीम को योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा, टीम की मुझसे जो भी मांग होगी, मैं वह करूंगा। लेकिन अगर आप निजी तौर पर मुझसे पूछो तो मैं हमेशा पारी की शुरूआत करूंगा। मुझे शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करना पसंद है। लेकिन मैं फिर कहता हूं अगर टीम चाहती है कि मैं किसी और क्रम पर बल्लेबाजी करूं तो यह मेरे लिए अच्छी चुनौती है और अगर टीम को इसकी जरूरत है तो मैं ऐसा करूंगा।