1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोहली-रोहित की तुलना में गांगुली-तेंदुलकर ने इनसे बेहतर गेंदबाजों का सामना किया: इयान चैपल

कोहली-रोहित की तुलना में गांगुली-तेंदुलकर ने इनसे बेहतर गेंदबाजों का सामना किया: इयान चैपल

 Edited By: Bhasha
 Published : Dec 22, 2019 03:51 pm IST,  Updated : Dec 22, 2019 03:57 pm IST

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल का मानना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की तुलना में पूर्व भारतीय ओपनर जोड़ी सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली ने अपने समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना किया।

sachin tendulkar, sourav ganguly, virat kohli, rohit sharma, india cricket, cricket india, india, cr- India TV Hindi
Rohit sharma and Virat kohli Image Source : AP

विराट कोहली और रोहित शर्मा एक जोड़ी के रूप में रनों का अंबार लगा रहे हैं लेकिन जब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों का सामना करने की बात आती है तो पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान इयान चैपल का मानना है कि सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी के सामने चुनौती अधिक कड़ी थी। 

चैपल ने ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ में अपने कॉलम में लिखा, ‘‘यह तर्क दिया जा सकता है कि कोहली और शर्मा भारत के सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज हैं। उन्हें चुनौती देने वालों में सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी होगी जिन्होंने 15 सालों तक अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों को परेशानी में रखा। ’’ 

चैपल ने इसके बाद उदाहरण देकर समझाया है कि गांगुली-तेंदुलकर के समय में कैसे प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय टीम के पास दो अच्छे तेज गेंदबाज थे। उन्होंने लिखा, ‘‘उन्होंने (तेंदुलकर-गांगुली) ने अपना अधिकतर समय सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजी जोड़ियों के सामने पारी का आगाज करते हुए बिताया। पाकिस्तान के वसीम अकरम और वकार यूनिस, वेस्टइंडीज के कर्टली एंब्रोस और कर्टनी वाल्श, ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैकग्रा और ब्रेट ली, साउथ अफ्रीका के एलन डोनाल्ड ओर शॉन पोलाक, श्रीलंका के लेसिथ मलिंगा और चमिंडा वास का सामना करते हुए किसी भी बल्लेबाज के कौशल की असली परीक्षा होती है। ’’

चैपल ने इस संदर्भ में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज इमरान खान के कथन का सहारा लिया है जिन्होंने कहा था, ‘आप किसी व्यक्ति की पहचान उसके प्रतिद्वंद्वी को देखकर करते हैं।’ चैपल ने कहा, ‘‘विपक्ष की मजबूती को देखते हुए आपको तेंदुलकर और गांगुली का पलड़ा भारी रखना होगा। हालांकि अगर आप वर्तमान आंकड़ों पर गौर करें और कोहली को भी तेंदुलकर के समान और शर्मा को गांगुली के समान पारियां दो तो फिर वर्तमान जोड़ी का पलड़ा भारी हो जाता है। ’’

इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने हालांकि माना कि कोहली और शर्मा सफेद गेंद की सर्वश्रेष्ठ जोड़ी है। उन्होंने कहा, ‘‘उनका वनडे और टी-20 का संयुक्त रिकॉर्ड बेहतरीन है। कोहली ने दोनों प्रारूप में 50 से अधिक के औसत से रन बनाये हैं। तेंदुलकर ने बहुत कम टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं और जब तक यह प्रारूप लोकप्रिय होता तब तक गांगुली का करियर खत्म हो चुका था। ’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल