पल्लीकल: कप्तान एंजेलो मैथ्यूज की शतकीय पारी की बदौलत मेजबान श्रीलंका ने पाकिस्तान के सामने तीसरे और निर्णायक टेस्ट में जीत के लिए 377 रन का लक्ष्य रखा।
मैथ्युज (122) श्रीलंका की तरफ से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज थे। कप्तान की शतकीय पारी की मदद से श्रीलंका ने कल के पांच विकेट पर 228 रन के स्कोर को चौथे दिन लंच तक 313 रन कर दिया, हालांकि मेजबान टीम के सभी खिलाड़ी आउट हो गये।
तेज गेंदबाज इमरान खान ने दूसरी नयी गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए आज सुबह सभी पांच खिलाडि़यों को पैवेलियन भेज दिया।
इमरान के पांच विकेट से श्रीलंका ने अपने आखिरी पांच विकेट महज 35 रन के भीतर गंवा दिये अन्यथा पहले घंटे में उनका स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 278 रन था।
पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए शानदार खेल का प्रदर्शन करना होगा क्योंकि श्रीलंका की धरती पर किसी भी विदेशी टीम ने चौथी पारी में 300 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल नहीं की है।
इस मैच को जीतने वाली टीम श्रृंखला को भी अपने नाम कर लेगी क्योंकि पहले दो टेस्ट में दोनों टीमों ने एक एक मैच जीते हैं।