नई दिल्ली: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन कैंप से जुड़े प्लेयर्स, स्टाफ और पदाधिकारियों को जल्द ही बोर्ड से बाहर का रास्ता दिखाया जाता है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस फेहरिस्त में टीम इंडिया के डायरेक्टर रवि शास्त्री का नाम सबसे आगे चल रहा है क्योंकि उन्हें बोर्ड में एन. श्रीनिवासन के नज़दीकी पर जाना जाता रहा है।
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रवि शास्त्री बीसीसीआई चीफ जगमोहन डालमिया को श्रीनिवासन के करीबी के तौर पर खटक रहे हैं और डालमिया इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर को टीम इंडिया के डायरेक्टर पद से हटाने का मन बना चुके हैं।
वहीं, डालमिया अपने फेवरेट और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के संयुक्त सचिव सौरव गांगुली को रवि शास्त्री की जगह टीम इंडिया के साथ जोड़ना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक रवि शास्त्री की जल्द ही छुट्टी भी की जा सकती है। ग़ौरतलब है कि 2013 में आईपीएल स्पॉट-फिक्सिंग स्कैंडल के तुरंत बाद शास्त्री ने तत्कालानी बीसीसीआई चीफ एन. श्रीनिवासन की तारीफ करते हुए उन्हें एक उम्दा प्रशासक बताया था।
रवि शास्त्री को पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज़ के लिए टीम इंडिया का डायरेक्टर नियुक्त किया गया था।
एचटी की रिपोर्ट में आगे ये भी कहा गया है कि डालमिया पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को विदेशी धरती पर टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान के रूप में देखते हैं और उनका मानना है कि गांगुली को भारत से बाहर जीत का फॉर्मुला भी मालूम है।
रिपोर्ट में बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से कहा गया है, “हम जैसा चाहते थे, शास्त्री वैसा रिज़्लट नहीं दे पाए इसलिए हम गांगुली को ज़िम्मेदारी सौंप सकते हैं।” सूत्रों के मुताबिक ऐसा मुमकिन है कि शास्त्री को अगले महीने होने वाले बांग्लादेश दौरे पर शायद ही भेजा जाए। हालांकि सूत्रों के हवाले से ये भी कहा गया है कि अभी गांगुली को बांग्लादेश दौरे पर भेजा जाएगा या नहीं, ये स्थिति साफ नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार गांगुली को हाई-पर्फोमेंस मैनेजर और टीम इंडिया के डायरेक्टर पद के लिए तलब भी किया जा चुका है। हालांकि सचिन और राहुल द्रविड़ जैसे पूर्व कप्तानों को भी बीसीसीआई के राष्ट्रीय ढांचे में अलग-अलग पदभार दिए जा सकते हैं।