हैदराबाद: दो साल पहले (वर्ष-2013) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कदम रखने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिए पिछले दो संस्करण अगर अच्छे साबित नहीं हुए हैं तो बहुत ज्यादा खराब भी नहीं रहे। अपने पहले ही सत्र में टीम ने प्लेऑफ में जगह बनाई लेकिन पिछले साल टीम को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा।
इन दो सालों में टीम के चार कप्तान बदले गए और बुधवार से शुरू हो रहे आईपीएल के आठवें संस्करण में आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर टीम का नेतृत्व करेंगे।
वार्नर हमवतन और सनराइजर्स के कोच टॉम मूडी के साथ मिलकर इस बार टीम की नैया पार लगाने की कोशिश करेंगे।
शिखर धवन ने पिछले सत्र में टीम का नेतृत्व किया था लेकिन उन पर से दबाव हटाने की कोशिश के तहत उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त किया गया। टीम प्रबंधन और प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि कप्तानी का दबाव हटने के बाद धवन ज्यादा आक्रामक लय में नजर आएंगे।
सनराइजर्स के पास कई अच्छे बल्लेबाज
मौजूद हैं जिसमें इंग्लैंड के केविन पीटरसन, न्यूजीलैंड के केन विलियमसन, इंग्लैंड के रवि बोपारा, इयोन मोर्गन और आस्ट्रेलिया के हरफनमौला मोएसिस हेनरिक्स शामिल हैं।
पीटरसन हालांकि ग्रुप मैचों के दौरान टीम से नहीं जुड़े होंगे और उनकी कमी यहां खलेगी।