1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सिडनी टेस्ट: यूनिस खान ने की गावस्कर की बराबरी, द्रविड़ को पीछे छोड़ा

सिडनी टेस्ट: यूनिस खान ने की गावस्कर की बराबरी, द्रविड़ को पीछे छोड़ा

 Written By: IANS
 Published : Jan 05, 2017 06:00 pm IST,  Updated : Jan 05, 2017 06:00 pm IST

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन गुरुवार को पाकिस्तानी बल्लेबाजों को विकेट पर टिकने नहीं दिया। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान की पहली पारी में 271 रनों पर 8 विकेट चटका दिए

Younis Khan | Getty Images- India TV Hindi
Younis Khan | Getty Images

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन गुरुवार को पाकिस्तानी बल्लेबाजों को विकेट पर टिकने नहीं दिया। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान की पहली पारी में 271 रनों पर 8 विकेट चटका दिए हैं। लेकिन, ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज विपक्षी टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज यूनुस खान (136 नॉटआउट) का विकेट लेने में सफल नहीं हो पाए। विकेटों के गिरने के बीच यूनुस विकेट पर जमे हुए हैं। पूरे दिन उन्होंने ही ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के खिलाफ मोर्चा संभाले रखा। युनिस का यह 34वां टेस्ट शतक है और इसी के साथ उन्होंने सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

यूनुस के साथ यासिर शाह 5 रन बनाकर खेल रहे हैं। पाकिस्तान, मेजबान टीम से अभी भी 276 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 538 रनों पर घोषित कर दी थी। जवाब ने पाकिस्तान ने दूसरे दिन 126 रनों पर 2 विकेट गंवा दिए थे। 6 रनों पर ही उसके 2 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे और फिर अजहर अली (71) और यूनुस ने जिम्मा संभाला था। तीसरे दिन यह दोनों बल्लेबाज मैदान पर उतरे। पाकिस्तान की उम्मीदें इस जोड़ी के विकेट पर टिके रहने पर टिकी थीं। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और 26 रनों का इजाफा करते हुए स्कोर 152 पहुंचा दिया। यहीं यूनुस और अजहर में तालमेल में गड़बड़ी हुई और खामियाजा अजहर को भुगतना पड़ा। अच्छी पारी खेल रहे अजहर रन आउट हो कर पवेलियन लौट गए।

Sunil Gavaskar | Getty Images
Sunil Gavaskar | Getty Images

सुनील गावस्कर ने अपने टेस्ट करियर में 34 शतक लगाए थे। (Getty Images)

फॉर्म और आत्मविश्वास, दोनों की कमी से जूझ रहे कप्तान मिस्बाह उल हक (18) अधिक समय तक यूनुस का साथ नहीं दे सके और नाथन लॉयन ने उन्हें आउट पर पाकिस्तान को झटका दिया। इसके बाद एक छोर से विकेट गिरते रहे। यूनुस स्कोरबोर्ड आगे बढ़ा रहे थे, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई साथ देने वाला नहीं मिल रहा था। असद शफीक 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद यूनुस ने 74वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के लिए उन्होंने 208 रनों का सामना किया। यूनुस का ऑस्ट्रेलिया में यह पहला शतक है। वह इसी के साथ 11 देशों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले भारत के राहुल द्रविड़ ने 10 देशों में शतक लगाए थे। राहुल ने संयुक्त अरब अमीरात में शतक नहीं लगाया था, जबकि यूनुस वहां शतक लगा चुके हैं।

Rahul Dravid | Getty Images
Rahul Dravid | Getty Images

राहुल द्रविड़ ने 10 अलग-अलग देशों में सेंचुरी मारी थी। (Getty Images)

सरफराज अहमद (18) के साथ साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन मिशेल स्टार्क ने सरफराज को आउट कर इस साझेदारी को पनपने नहीं दिया। सरफराज के साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। मोहम्मद आमिर ने (4) तेजी से रन बानने की कोशिश में लॉयन की गेंद पर बड़ा शॉट मारने का प्रयास किया और डेविड वॉर्नर द्वारा लपके गए। वहाब रियाज (8) को भी लॉयन ने बोल्ड कर पाकिस्तान को आठवां झटका दिया। यूनुस ने अपनी पारी में अभी तक 279 गेंदों का सामना किया है और 14 चौके तथा एक छक्का जड़ा है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से लॉयन ने 3 विकेट लिए। जोश हैजलवुड को 2 सफलता मिलीं। स्टार्क और स्टीवन ओ कैफी को 1-1 विकेट मिला।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल