वेस्ट इंडीज़ में चार मैचों की टेस्ट सिरीज़ 2-0 से जीतकर अब टीम इंडिया टी-20 के लिए कमर कस रही है जो अमेरिका में होने जा रही है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 और 28 अगस्त को अमेरिका में दो ट्वेंटी-20 मैच होने हैं। अगर इन दोनों टीमों के बीच टी-20 मैचों के आंकड़ों की बात की जाय तो वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी नज़र आता है लेकिन टेस्ट सीरीज़ की जीत के बाद टीम इंडिया ज़बरदस्त लय में नज़र आ रही है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अभी तक पांच अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच हुए हैं जिनमें से 3 वेस्टइंडीज ने और 2 भारत ने जीते हैं। टीम इंडिया इस वर्ष अपने देश में हुए टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हार गई थी और महेंद्रसिंह धोनी के धुरंधर इस सीरीज में वेस्टइंडीज का सफाया कर उस हार का बदला लेना चाहेंगे।
ये मैच ब्रोवार्ड रीजनल पार्क पर खेले जायेंगे जो अमेरिका में एकमात्र आईसीसी से मान्यता प्राप्त वनडे स्टेडियम है। इस पर पिछले महीने कैरेबियाई प्रीमियर लीग के छह मैच हो चुके हैं। दो मैचों की यह श्रृंखला अमेरिका में आने वाले समय में सालाना श्रृंखला का रूप ले सकती है ताकि क्रिकेट को नया बाजार और दर्शक मिल सके।
भारत के कोच अनिल कुंबले को टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। धोनी के साथ यह उनकी पहली श्रृंखला होगी। कुंबले ने कहा, मैं पहली बार एमएस के साथ काम करूंगा। हमने साथ में काफी क्रिकेट खेली है और हमने कल और आज बात भी की। मुझे उसके और नये खिलाडि़यों के साथ काम करने का इंतजार है। जसप्रीत बुमरा भी यहां पहुंचा है। मैने आईपीएल में उसके साथ काम किया है और भारतीय ड्रेसिंग रूम का फिर हिस्सा बनने की खुशी है।
टी-20 विश्व कप की ख़िताबी जीत के हीरो कार्लोस ब्रैथवेट वेस्टइंडीज टीम क्रिकेट की अगुआई करेंग। इसके पहले डैरन सैमी कप्तान थे जिन्हें हाल ही में कप्तानी से हटाया गया है। वेस्ट इंडीज़ अगर इस सीरीज़ में भारत का सफाया करती है तो भारत आईसीसी रैंकिंग में दूसरे से फिसलकर तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।
आंकड़ें भले ही वेस्टइंडीज के पक्ष में हो लेकिन इस वक्त टीम इंडिया लय में नज़र आ रही है। टीम इंडिया के युवा खिलाड़ी लय में नज़र आ रहे हैं। कप्तान महेंद्रसिंह धोनी को यॉर्कर स्पेशलिस्ट जसप्रीत बुमराह से काफी उम्मीदें होंगी।
कैरेबियाई टीम विश्व कप में भारत को उसी के घर में हरा चुकी है, लिहाजा उसके हौसले भी बुलंद होंगे और इस तरह ये सिरीज़ दिलचस्प होगी।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कमजोर वेस्टइंडीज टीम उतरी थी लेकिन टी-20 सीरीज के लिए सभी दिग्गजों की टीम में वापसी हो रही है। क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो, सुनील नरेन, किरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल की वापसी टीम का मनोबल बढ़ाएगी। इसके अलावा मुंबई जीत के हीरो लेंडल सिमंस और जॉनसन चार्ल्स भी खेलते हुए नजर आएंगे।
भारत: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, अमित मिश्रा, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमरा, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, रोहित शर्मा, शिखर धवन, स्टुअर्ट बिन्नी , उमेश यादव, विराट कोहली।
वेस्टइंडीज: कार्लोस ब्रेथवेट (कप्तान), आंद्रे फ्लेचर, आंद्रे रसेल, क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो, एविन लुईस, जासन होल्डर, जानसन चाल्र्स, कीरोन पोलार्ड, लैंडल सिमंस, मर्लोन सैमुअल्स, सैमुअल बद्री, सुनील नारायण।