मीरपुर: देश-विदेश में भारत का परचम लहरा कर टीम इंडिया की हौसलाफ़ज़ाई करने वाले सुधीर गौतम पर रविवार को भारत-बांग्लादेश वनडे सीरीज़ के दूसरे मैच के बाद हमला किया गया और उन पर पत्थर फ़ेके गए लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
सुधीर गौतम दो पुलिसवालों की मदद से किसी तरह अपनी जान बचाई और वहां से निकलने में कामयाब हुए।
सुधीर ने बताया कि मौच के बाद वह ऑटो में बैठकर वापस जाने वाले थे तभी तभी भीड़ ने उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। सुधीर ने कहा कि उन्होंने इस तरह की स्थिति का सामना कभी नहीं किया।
भीड़ ने ऑटो के पर्दे भी फाड़ दिए। भीड़ में लोग चिल्ला रहे थे कि हमने मेलबर्न के मैदान पर विश्व कप क्वार्टरफाइनल में मिली हार का बदला ले लिया है और अब हम मैदान के बाहर भी अपना बदला लेंगे।
भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को छह विकेट से मात देकर तीन मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्ज़ा कर लिया। बांग्लादेश ने पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने का इतिहास रचा है।
ये बांग्लादेश की अपने घर में लगातार 10वीं वनडे जीत है। इस मैच में बायें हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफीजुर रहमान ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 43 रन देकर छह विकेट लिये। वह अपने पहले दो वनडे में 11 विकेट लेने वाले विश्व के पहले गेंदबाज़ बन गए हैं।
तीसरा और अंतिम वनडे 24 जून को खेला जाएगा।