कोरोना महामारी के बीच इंडियन प्रीमीयर लीग ( आईपीएल ) का बिगुल बज चुका है। 19 सितंबर से यूएई में खेले जाने के कारण सभी टीमों ने हाल ही में दुबई के लिए अलग - अलग चार्टेड फ्लाइट से उड़ान भरी। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स ( सीएसके ) की टीम भी युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के लिए रवाना हुई। जिसमें रास्ते में फ्लाइट के दौरान उसके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सादगी का ऐसा नजारा पेश किया कि एक बार फिर से सभी का दिल जीत लिया है।
इस फ्लाइट में जॉर्ज जॉन भी दूबई जा रहे थे। जिसके बाद उन्होंने एक ट्वीट करते हुए ये जानकारी दी कि कैसे धोनी ने रास्ते में उनसे अपनी बिजनेस क्लास सीट बदलकर खुद दुबई तक इकॉनमी क्लास में सफर किया। जोर्ज ने ट्वीटर पर लिखा, "क्रिकेट में जिसने सबकुछ हासिल कर लिया हो और सबकुछ देख चुका, जो वो शख्स आपसे कहता है- आपके पैर काफी लंबे हैं, आप मेरी सीट (बिजनेस क्लास) पर बैठ जाइए, मैं इकॉनमी क्लास में बैठूंगा। कप्तान कभी भी मुझे हैरान करने से नहीं चूकते महेंद्र सिंह धोनी।"
गौरतलब है कि सीएसके ने भी इस ट्वीट को अपने अकाउंट से लाइक किया है। वहीं पिछले साल 2019 विश्वकप के सेमीफाइनल में मिली हार के बाद से खुद को क्रिकेट से दूर रखने वाले धोनी ने अंत में आकर 15 अगस्त को अन्तराष्ट्रीय क्रिकेट से पूरी तरह से अलविदा कह दिया है। जिसके चलते अब वो सिर्फ आईपीएल में खेलते नजर आएंगे।
बता दें कि धोनी भारत को आईसीसी की तीनो ट्रॉफी ( 2007 टी20 विश्वकप, 2011 विश्वकप और 2013 चैम्पियंस ट्राफी ) जिताने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से साल 2014 में ही संन्यास ले लिया था। जिसके बाद पिछले साल 2019 विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में रन आउट होने के बाद अब धोनी ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। हलांकि इसके बावजूद वो 19 सितंबर से शुरू होने वाले आईपीएल में चेन्नई की टीम के लिए कप्तानी करते हुए जरूर नजर आएंगे।