ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान स्टीव वॉ का कहना है कि उन्हें टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली में अपनी और रिकी पोंटिंग की झलक दिखती है लेकिन साथ ही कहा कि कोहली की अपनी ख़ुद की पहचान है और वह ''भारत का नया चेहरा" हैं।
कप्तानी के शुरुआती दौर में ही कोहली ने अच्छा ख़ासा रिकॉर्ड बना लिया है और वह आज वॉ और पोंटिंग के समकक्ष क्रिकेट इतिहास के तीन सफलतम कप्तान के रुप में खड़े हैं। वॉ और पोंटिंग ने अपने देश के लिए 25 या इससे अधिक टेस्ट मैचों में कप्तानी की है और उनकी जीत का प्रतिशत क्रमश: 71.92 और 62.33 है लेकिन कोहली भी बहुत पीछे नही हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में 23 मैच जीते हैं और सिर्फ तीन हारे हैं। उनका जीत का प्रतिशत 61.53 है। यहां ये बताना ज़रुरी है कि वॉ और पोंटिंग की टीम में जहां दिग्गज खिलाड़ी थे वही कोहली को युवा और अनुभवहीन खिलाड़ी मिले हैं।
वॉ का कहना है कि कोहली काफी हद तक उनकी और पोंटिग की ही तरह टीम की अगुवाई करते हैं। "वह ज़ाहिर तौर पर आक्रामक कप्तान हैं, वह अपने साथी खिलाड़ियों से बहुत बात करते हैं और उनकी शारीरिक भाषा भी सकारात्मक होती है। ये तमाम ख़ूबियां मैं अपनी टीम में पसंद किया करता था। मेरा हमेशा मानना रहा है कि आप किस तरह से ख़ुद को पेश करते हैं, ये बहुत महत्वपूर्ण होता है और ये कि आप कैसे एक दूसरे को सकारात्मक ऊर्जा देते हैं। साथ ही ये कि आप कैसे विरोधी टीम को ये एहसास करवाते हैं कि ये टीम वाक़ई जुझारु है। विराट कोहली ऐसा ही करते हैं। उनके खिलाड़ी उनके लिए खेलते हैं जो कि एक कप्तान के लिए बहुत अच्छी बात है। रिकी पोंटिंग ऐसे ही खिलाड़ी थे, वह ज़रुरत पड़ने पर बाह चढ़ाकर पैड पहनकर मैदान में उतर जाया करते थे और टीम के लिए उदाहरण रखते थे, कोहली भी यही करते हैं।"
ये भी पढ़ें: भारत को आस्ट्रेलिया से हार का डर: मिशेल स्टॉर्क
ये भी पढ़ें: न कोहली न धोनी, ये खिलाड़ी है सबसे मालदार
इस टेस्ट सिरीज़ में कोहली विवाद के केंद्र में रहे हैं हालंकि उनके बैट से रन नहीं निकले हैं लेकिन मैदान पर उनकी आक्रामकता कम नही हुई है। वॉ ने कहा कि उन्हें कोहली की आक्रामकता पसंद है। "वह भारत का नया चेहरा हैं, वह आपको झुंझला सकता है, वह आक्रामक है, वह सकारात्मक है, वह जिस तरह से टीम की अगुवाई करते हैं उससे दूसरों को पता चल जाता है कि वह उनसे क्या चाहते हैं। लेकिन मुझे ख़ुशी है कि उनकी कप्तानी में मेरी झलक है।"