1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष यदुपति सिंहानिया का हुआ निधन

उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष यदुपति सिंहानिया का हुआ निधन

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 13, 2020 04:21 pm IST,  Updated : Aug 13, 2020 04:21 pm IST

राजीव शुक्ला ने बताया कि यदुपति सिंहानिया की स्मृति में यूपीसीए जल्द ही एक शोक सभा का आयोजन करेगा। 

Yadupati Singhania- India TV Hindi
Yadupati Singhania Image Source : TWITTER- @DORA_IITK

लखनऊ| उत्त्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) के अध्यक्ष यदुपति सिंहानिया का बृहस्पितवार को सिंगापुर में निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार थे और सिंगापुर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था । यूपीसीए के निदेशक राजीव शुक्ला ने 'भाषा' को बताया, ‘‘ यदुपति सिंहानिया पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनका सिंगापुर के अस्पताल में इलाज चल रहा था,बृहस्पतिवार सुबह उनके निधन का समाचार मिला। वह 67 साल के थे ।''

उन्होंने बताया, ‘‘ सिंहानिया परिवार की तीसरी पीढ़ी उप्र में क्रिकेट को बढ़ावा देने में लगी हुई थी और उनका परिवार क्रिकेट को काफी प्यार करता था । यदुपति सिंहानिया के दादा पदमपति सिंहानिया, पिता गौर हरि सिंहानिया ने उप्र में क्रिकेट को नयी ऊंचाईयों पर पहुंचाया। अब यह काम यदुपति सिंहानिया बहुत अच्छी तरह से संभाल रहे थे। ’’ यूपीसीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित खन्ना ने बताया, ‘‘ यदुपति सिंहानिया के कोई संतान नही थी। उनके घर में उनकी पत्नी कविता सिंहानियां हैं। ’’

यूपीसीए के सचिव युध्दवीर सिंह ने कहा, ‘‘ यदुपति सिंहानिया पिछले करीब छह साल से संघ के अध्यक्ष थे और उप्र में नयी क्रिकेट प्रतिभाओं को कैसे आगे बढ़ाया जाये, इसके बारे में वह अक्सर चर्चा करते रहते थे । उप्र में क्रिकेट सिंहानिया परिवार की वजह से ही आज इस मुकाम पर पहुंचा है।’’

सिंह ने बताया कि उनके निधन की सूचना मिलते ही कानपुर में यूपीसीए के कार्यालय एवं अन्य संस्थानो को बंद कर दिया गया है। राजीव शुक्ला ने बताया कि यदुपति सिंहानिया की स्मृति में यूपीसीए जल्द ही एक शोक सभा का आयोजन करेगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल