नई दिल्ली: शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने अपने खाते में एक और उपलब्धि दर्ज कर ली है। क्रिकेट की बाइबिल कही जाने वाली पत्रिका विजडन ने भारतीय कप्तान को अपने 2017 संस्करण के मुखपृष्ठ पर जगह दी है। उनसे पहले क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर इस पत्रिका के मुखपृष्ठ पर आ चुके हैं। कोहली यह उपलब्धि हासिल करने वाले एशिया के तीसरे खिलाड़ी हैं।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कोहली ने पिछले साल बेहतरीन प्रदर्शन किया था। हाल ही में सीमित ओवरों में पहली बार कप्तान बनने के बाद उन्होंने वनडे और टी-20 सीरीज में इंग्लैंड को पटखनी दी। विजडन के मुखपृष्ठ पर उनकी मौजूदगी बीते साल में उनके बेहतरीन प्रदर्शन का ही तोहफा है। विजडन की पत्रिका के नए संस्करण के मुखपृष्ठ का रंग पीला है और विराट इसमें सफेद पोशाक पहने रिवर्स स्वीप शॉट खेलते दिखाई दे रहे हैं। वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने पत्रिका के संपादक लॉरेंस बूथ के हवाले से लिखा है, ‘यह इस बात को दर्शाता है कि वह आधुनिक युग के खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने के कारण कोहली इस समय सभी के दिमाग पर छाए हुए हैं। उन्होंने स्टीवन स्मिथ, जो रूट, अब्राहम डिविलियर्स और केन विलियमसन जैसे खिलाड़ियों को पछाड़ा है।’

विराट कोहली। (Getty Images)
पत्रिका ने सचिन को 2014 में उनके संन्यास के बाद इस पेज पर जगह दी थी लेकिन कोहली ने अपने करियर के आठवें साल में ही यह उपलब्धि हासिल की है। विजडन का 2017 का संस्करण अप्रैल में रिलीज होगा। 2016 में विराट ने कुल 12 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 75.93 की शानदार औसत से 1215 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 शतक लगाए, जिनमें 3 दोहरे शतक शामिल हैं। शुरुआत वेस्टइंडीज से हुई जहां उनकी आगुआई में टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। विराट ने इस दौरे की शानदार शुरुआत की और एंटिगा टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा। विराट की आगुआई में भारतीय टेस्ट टीम की सफलता की यह शुरुआत भर थी। भारत ने पहले न्यूजीलैंड को 3-0 से, फिर इंग्लैंड को 4-0 से करारी मात दी। दोनों सीरीजओं में विराट ने दोहरे शतक भी लगाए।
विराट ने बीते वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वनडे में कुल 10 मैच खेले और 92.37 के औसत से 739 रन बनाए। इन मैचों की 10 पारियों में उन्होंने 4 शतक और 3 अर्धशतक लगाए। विराट का प्रदर्शन इस वर्ष टी-20 में खास तौर पर शानदार रहा। उन्होंने इस साल 15 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच खेले और 106.83 की औसत से 641 रन बनाए, जिसमें 7 अर्धशतक शामिल हैं।