1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. फिंच को पीछे छोड़ टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज बने विराट कोहली

फिंच को पीछे छोड़ टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज बने विराट कोहली

 Written By: IANS
 Published : Feb 01, 2016 05:20 pm IST,  Updated : Feb 01, 2016 05:26 pm IST

दुबई: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सोमवार को जारी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की टी-20 बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए। कोहली के दमदार प्रदर्शन के बल पर भारत ने रविवार

virat kohli- India TV Hindi
virat kohli

दुबई: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सोमवार को जारी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की टी-20 बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए। कोहली के दमदार प्रदर्शन के बल पर भारत ने रविवार को संपन्न हुई तीन मैचों की टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराया।

कोहली ने सीरीज में 90, नाबाद 59 और 50 रनों की पारियां खेलीं। तीन मैचों से कोहली ने कुल 47 अंक हासिल किए और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एरॉन फिंच को शीर्ष वरीयता से अपदस्थ कर दिया। फिंच ने भी सीरीज में 44 और 74 रनों की दो बेहतरीन पारियां खेलीं और 14 रेटिंग अंक अर्जित किए, लेकिन जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते वह रविवार को सिडनी क्रिकेट मैदान पर हुए तीसरे मैच में हिस्सा नहीं ले सके थे।

शीर्ष पर मौजूद विराट कोहली के कुल 892 रेटिंग अंक हैं, जबकि फिंच के 868 रेटिंग अंक हैं। इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स 795 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे पायदान पर मौजूद हैं। भारत के मध्यक्रम के धुरंधर बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी तीन स्थान ऊपर 13वें पायदान पर जगह बनाई, जबकि सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा चार स्थान के लाभ के साथ 16वें पायदान पर पहुंच गए। युवराज सिंह 20वें पायदान पर हैं।

सिडनी टी-20 में 124 रनों की धुआंधार पारी खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी शेन वाटसन ने पांच स्थानों की छलांग लगाते हुए 12वें पायदान पर जगह बनाई। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर बल्लेबाज डेविड वार्नर छह स्थान फिसल गए और 18वें स्थान पर पहुंच गए।

टी-20 गेंदबाजों की सूची में लंबे समय से प्रतिबंधित होने के बावजूद वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नरेन ने फिर से शीर्ष वरीयता हासिल कर ली, जबकि वेस्टइंडीज के ही सैमुअल बद्री दूसरे स्थान पर हैं। भारत के स्टार स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन 692 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हरफनमौला स्पिन गेंदबाज रवींद्र जडेजा 18वें स्थान पर हैं।

ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की श्रृंखला में 3-0 से हराने के बाद भारतीय टीम भी टी-20 रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गई, जबकि आस्ट्रेलियाई टीम आठवें पायदान पर फिसल गई।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल