नई दिल्ली: इस महीने श्रीलंका के दौरे पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों को उनकी पत्नियों और गर्लफ्रेंड्स को ले जाने की अनुमति नहीं मिली है।
अंग्रेज़ी दैनिक इंडियन एक्सप्रेस अख़बार के मुताबिक बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरे पर जाने वाले ज्यादातर खिलाड़ियों को क़रीब एक महीने का ब्रेक मिला है और इस दौरान उन्हें अपने परिवार के साथ बिताने के लिए काफी समय मिला है इसलिए हमने निर्णय किया है कि उनकी पत्नियों को इस दौरे पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस दौरे पर चुनी गई टीम के ज्यादातर खिलाड़ी पिछले महीने बांग्लादेश दौरे से लौटने के बाद से ही छुट्टी पर थे।
इस दौरे पर टीम इंडिया बिना मुख्य कोच के ही जाएगी क्योंकि अब तक बीसीसीआई ने डंकन फ्लेचर के उत्तराधिकारी के बारे में कोई फैसला नहीं किया है। टीम के डायरेक्टर रवि शास्त्री भी 6 अगस्त से शुरू हो रहे इस दौरे में टीम के साथ नहीं होंगे। शास्त्री अभी इंग्लैंड में हैं, जहां वे ऐशेज सीरीज के लिए स्काई टीवी के पेनलिस्ट हैं। शास्त्री टीम इंडिया के साथ 12 अगस्त को जुड़ेंगे, इसी दिन पहले टेस्ट की शुरुआत होगी।