इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम का कहना है कि शनिवार को एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुक़ाबले में भारत का पलड़ा भारी रहेगा क्योंकि वह इस समय बहुत अच्छे फ़ॉर्म में है।
भारत का आज मेज़बान बांग्लादेश से मुक़ाबला है। इसके बाद एक मार्च को श्रीलंका से और फ़िर तीन मार्च को संयुक्त अरब अमीरात से खेलेगा।
वसीम ने एक अंग्रेज़ी अख़बार के साथ बातचीत में कहा, “ये देखने लायक मैच होगा और जिस तरह से भारत खेल रहा है, उसके जीतने की संभावनाएं ज़्यादा हैं।”
उन्होंने कहा कि अगले महीने भारत में होने वाले विश्व टी20 के लिहाज़ से एशिया कप तैयारी का अच्छा मौक़ा है। उन्होंने कहा कि इसमें तीन पूर्व चैंपियन भाग ले रही हैं जिससे ये प्रतियोगिता और दिलचस्प हो गई है।
“बांग्लादेश अपने घर में अपराजित टीम है। ये प्रतियोगिता विश्व टी20 के लिए बेहतर टीम चुनने का अवसर देगी।”
पाकिस्तान और भारत आख़िरी बार 2015 वर्ल्ड कप में मिले थे। दिसंबर 2015 में दोनों के बीच सिरीज़ होनी थी लेकिन किन्हीं कारणों से हो न सकी।