नई दिल्ली: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार टी-20 सिरीज़ अपने नाम की। लेकिन सिरीज़ जीत का सलेब्रिशेन तो पहले ही हो गया। ऐसा लगता है दमदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम को अपनी जीत का पूरा भरोसा था। तभी तो निर्णायक मुकाबले से पहले ही खुद कप्तान विराट कोहली ने साथी खिलाड़ियों के साथ जमकर सेलिब्रेट किया।
कोहली ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह हार्दिक पंड्या और शिखर धवन के साथ एक लय में भांगड़ा करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियों विराट और शिखर पंजाबी स्टाइल में डांस कर रहे हैं तो वहीं हार्दिक पंड्या भी उनका बखूबी साथ दे रहे हैं।
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को तीसरे और आखिरी टी-20 इंटरनेशनल में 6 रनों से हरा दिया और सिरीज़ 2-1 से अपने नाम कर ली। तीसरा मैच तिरुनंतपुरम में खेला गया था। यह पहला मौका है जब भारत ने कीवी टीम से कोई टी-20 सिरीज़ जीती है। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इस सिरीज में जबरदस्त प्रदर्शन किया। जिसकी बदौलत उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सिरीज़' चुना गया। वहीं युवा ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी कप्तान कोहली के भरोसे पर खरे उतरे। मैच के बाद कोहली ने पंड्या की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि मुझे पंड्या के ऑफ कटर्स पर भरोसा था इसलिए मैंने उन्हें आखिरी ओवर दिया था।