सेंट जोन्स: वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (WICB) 2014 में विवादास्पद तौर पर बीच में रद्द कर दिये गये भारतीय दौरे को पूरा करने का इच्छुक है और उसने कहा कि यदि उनके खिलाडि़यों का संघ प्रतिबद्धता दिखाता है तो वह 2016 में भारत की मेजबानी करना चाहेगा। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने अपने बोर्ड के साथ विवाद के कारण पिछले साल अक्तूबर में भारत का दौरा बीच में ही रद्द कर दिया था जिससे BCCI हैरान और निराश था।
कैरेबियाई टीम के फैसले के कारण भारतीय बोर्ड को आनन फानन में श्रीलंका को एक दिवसीय श्रृंखला खेलने के लिये आमंत्रित करना पड़ा था। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाडि़यों के व्यवहार के लिये BCCI से माफी मांग ली थी और अब वह उस दौरे को पूरा करने का इच्छुक है।
WICB अध्यक्ष डेव कैमरन की BCCI प्रमुख शशांक मनोहर के साथ बातचीत हुई और उन्होंने पुष्टि की कि वेस्टइंडीज 2016 में भारत की मेजबानी करना चाहेगा।
WICB ने कहा, अक्तूबर 2014 में समय से पहले समाप्त हुए दौरे को बाद की तारीखों में पूरा करने के लिये यह समझौता डब्ल्यूआईसीबी और खिलाड़ी संघ की संयुक्त प्रतिबद्धता का विषय है।
कैमरन ने हालांकि उम्मीद जतायी कि इस बार श्रृंखला बिना किसी परेशानी के पूरी होगी। उन्होंने कहा, क्रिकेट हमारी चर्चा का मुख्य विषय रहा है और हम अभी तक की प्रगति से खुश हैं।