1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. यूनिस खान ने लगाई 33वीं टेस्ट सेंचुरी, लड़खड़ाते पाक को संभाला

यूनिस खान ने लगाई 33वीं टेस्ट सेंचुरी, लड़खड़ाते पाक को संभाला

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 21, 2016 08:58 pm IST,  Updated : Oct 21, 2016 08:58 pm IST

अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान ने अपने करियर की 33वीं टेस्ट सेंचुरी जमाकर पाकिस्तान को शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन शुरूआती झटकों से उबारा।

Younis Khan | AP File Photo- India TV Hindi
Younis Khan | AP File Photo

अबुधाबी: अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान ने अपने करियर की 33वीं टेस्ट सेंचुरी जमाकर पाकिस्तान को शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन शुरूआती झटकों से उबारा। यूनिस ने 127 रन बनाए और दिन की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले असद शाफिक (68) के साथ तीसरे विकेट के लिए 87 और कप्तान मिसबाह-उल-हक (नॉटआउट 90) के साथ चौथे विकेट के लिए 175 रन की दो उपयोगी साझेदारियां की। इससे पाकिस्तान पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 4 विकेट पर 304 रन बनाने में सफल रहा। 

यूनिस खान ने तब क्रीज पर कदम रखा जब पाकिस्तान टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 42 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवा चुका था। पहले टेस्ट मैच में ट्रिपल सेंचुरी जड़ने वाले अजहर अली को शैनोन गैब्रियल (43 रन देकर 2 विकेट) ने बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। समी असलम (6) ने क्रीज पर अच्छा समय बिताया लेकिन वह शुरू से जूझते रहे और देवेंद्र बिशू (92 रन देकर एक विकेट) ने उनकी गिल्लियां बिखेरकर उनका संघर्ष समाप्त किया। यूनिस ने हालांकि सहजता से बल्लेबाजी की और अबुधाबी में अपनी चौथी सेंचुरी जमाई। इस मैदान पर वह जब भी 50 रन के पार पहुंचे हैं तब उन्होंने उसे सेंचुरी में तब्दील किया है। यही नहीं यूनिस की 35 साल पूरे करने के बाद यह टेस्ट मैचों में 13वीं सेंचुरी हैं जो कि रिकॉर्ड है। उन्होंने ग्राहम गूच, सचिन तेंडुलकर और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा।

शाफिक के गैब्रियल की गेंद पर बोल्ड होने के बाद मिसबाह ने यूनिस का अच्छी तरह से साथ दिया। इन दोनों ने पाकिस्तान की तरफ से साझेदारी के रूप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड कायम किया। ये दोनों अब तक 3156 रन जोड़ चुके हैं। इससे पहले का रिकॉर्ड मोहम्मद यूसुफ और यूनिस (3137 रन) के नाम पर था। यूनिस की पारी का अंत आखिर में कामचलाउ ऑफ स्पिनर क्रेग ब्रेथवेट (36 रन देकर एक विकेट) ने किया। उन्होंने मिडविकेट पर स्वीप करने का प्रयास किया लेकिन गेंद सही तरह से बल्ले पर नहीं आई और हवा में लहरा गई जिसे रोस्टन चेज ने आसानी से कैच में तब्दील कर दिया। यूनिस ने अपनी पारी में 205 गेंदें खेली तथा दस चौके और एक छक्का लगाया। 

पाकिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का नया रिकॉर्ड बनाने वाले मिसबाह ने शुरू से ही सहजता से बल्लेबाजी की। उन्होंने और यूनिस ने वेस्टइंडीज को शुरूआती सफलताओं का फायदा नहीं मिलने दिया। यूनिस के आउट होने के बाद जब खराब रोशनी के कारण दिल का खेल समाप्त किया गया तब मिसबाह ने अपनी 146 गेंदों की पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए थे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल