साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार और कप्तान रहे एरॉन फिंच ने टी20 इंटरनेशनल में एक ऐसा कीर्तिमान रचा था, जो अब तक टूटा नहीं हैं। एरॉन फिंच ने जिम्बाब्वे के खिलाफ ऐतिहाासिक पारी खेली थी, जो रिकॉर्डबुक में दर्ज है। चलिए आपको बताते हैं कि फिंच ने आखिर ऐसा क्या किया था, जो अब तक यादगार है। आज उसकी सालगिरह है।
एरॉन फिंच ने साल 2018 में खेली थी जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रनों की पारी
टी20 इंटरनेशनल में एक बल्लेबाज की ओर से सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड एरॉन फिंच के नाम है। फिंच ने तीन जुलाई 2018 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में खेले गए मैच में 76 बॉल पर 172 रनों की पारी खेली थी। फिंच ने इस दौरान 16 चौके और 10 छक्के ठोक दिए थे। उन्होंने ये पारी 226.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी।
इस साल हमजा खान ने बनाए 164 रन, फिंच से रह गए पीछे
इस रिकॉर्ड को आज आठ साल पूरे हो गए हैं। लेकिन दुनिया का कोई दूसरा बल्लेबाज उनसे आगे नहीं निकल पाया है। साल 2026 में यानी इसी साल हमजा खान ने नाबाद 164 रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी, वे इस रिकॉर्ड के काफी करीब थे, लेकिन उसे तोड़ वो भी नहीं पाए। फिंच की ये पारी इंटरनेशनल मैच में आई थी, इसलिए और भी ज्यादा अहम हो जाती है। हालांकि टी20 का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने आईपीएल में साल 2013 में वॉरियर्स के खिलाफ आरसीबी की ओर से खेलते हुए नाबाद 175 रन बनाए थे। लेकिन ये इंटरनेशनल मैच नहीं था।
जो भी तोड़ेगा फिंच का रिकॉर्ड, होगी बड़ी उपलब्धि
करीब आठ साल से फिंच का ये रिकॉर्ड अटूट है। कुछ एक बल्लेबाजों को छोड़ दें तो और कोई बल्लेबाज इसके करीब तक नहीं पहुंच पाया है। जो भी बल्लेबाज टी20 इंटरनेशनल में 173 रन बनाकर फिंच को पीछे छोड़ेगा, उसके लिए और उसकी टीम के लिए ये बड़ी उपलब्धि होगी। आज की तारीख में रोज ही कहीं ना कहीं कोई टी20 इंटरनेशनल मैच होता है, इसके बाद भी इस रिकॉर्ड का ना टूटना अपने आप में बताता है कि ये कीर्तिमान कितना खास और कठिन है। अब तक फिंच को रिटायर हुए भी कई साल हो गए हैं, लेकिन रिकॉर्ड अटूट बना हुआ है।
यह भी पढ़ें
कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टी20 मैच, अब 10 बजे का नहीं करना होगा इंतजार
संजू सैमसन क्यों हो रहे लगातार फेल? इरफान पठान ने बताई बैटिंग में बड़ी कमजोरी