Highlights
- खराब फॉर्म से परेशान एनरिक नॉर्किया
- इंजरी से वापसी के बाद से नॉर्किया कर रहे हैं फॉर्म की तलाश
- नॉर्किया ने भारत के खिलाफ राजकोट में चौथे टी20 से पहले जमकर बहाया पसीना
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्किया इंजरी से कमबैक करने के बाद से लगातार अपनी पुरानी लय को हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। वह अपनी पुरानी सटीकता और रफ्तार को वापस पाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। 2021 में यूएई में हुए टी20 वर्ल्ड कप के बाद इंजरी के कारण नॉर्किया को छह महीने तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था।
नॉर्किया को फॉर्म की तलाश
नॉर्किया ने आईपीएल 2022 में वापसी की, लेकिन उनकी गेंदबाजी में वैसी धार नजर नहीं आई जिसके लिए वे मशहूर हैं। हालांकि, उन्होंने टूर्नामेंट के छह मैचों में नौ विकेट चटकाए लेकिन इसके लिए उन्होंने 9.71 की इकॉनमी से रन भी लुटाए। आईपीएल 2022 से पहले कागिसो रबाडा और नॉर्किया की जोड़ी को इस लीग की सबसे खतरनाक जोड़ी में से एक माना जाता था। वह इतने खतरनाक थे कि दिल्ली कैपिटल्स ने रबाडा की जगह उन्हें टीम में बनाए रखने का फैसला किया, लेकिन वापसी के बाद उनकी गेंदबाजी का पुराना लेवल नजर नहीं आया।
नॉर्किया को खराब फॉर्म का मलाल
नॉर्किया ने भारत के खिलाफ राजकोट में होने वाले चौथे टी20 मैच से पहल अपने खराब फॉर्म पर दुख जाहिर करते हुए सबको अपनी योजना से रुबरु कराया, ‘‘ मैं अभी तक इंजरी से पहले के स्तर तक नहीं पहुंच पाया हूं। मैं इसमें सुधार पर अब भी काम कर रहा हूं और एक-दो चीजों की कमी को दूर करने की कोशिश कर रहा हूं। मैं अपनी तुलना पिछले साल के आईपीएल और टी20 वर्ल्ड कप के खेल के स्तर से कर रहा हूं और उस स्तर पर पहुंचने की कोशिश कर रहा हूं।’’
फॉर्म की तलाश में बहा रहे हैं पसीना
भारत के खिलाफ चौथे टी20 मैच से पहले नॉर्किया राजकोट में नेट पर जमकर पसीना बहाते दिखे। इसके बाद, जब उनसे पूछा गया कि उनकी बॉलिंग में क्या दिक्कत है, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, ‘‘ अगर मुझे पता होता तो मैंने अब तक सुधार कर लिया होता।
भारत के खिलाफ जारी सीरीज में 28 साल के इस प्रोटियाई गेंदबाज ने तीन मैच में 10 ओवर में 95 रन खर्च करके तीन विकेट चटकाए हैं। यकीनन ये आंकड़े अच्छे नहीं हैं।