ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर को वूमेंस प्रीमियर लीग यानी WPL 2026 के लिए गुजरात जायंट्स की कप्तान नियुक्त किया गया है। WPL का अगला सीजन 9 जनवरी 2026 से नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शुरू होगा। गार्डनर ने इससे पहले भी WPL 2025 में गुजरात जायंट्स की कप्तानी की थी, जहां उन्हें बेथ मूनी की जगह टीम की कमान सौंपी गई थी। कप्तान के रूप में अपने पहले WPL सीजन में उन्होंने 9 में से 4 मुकाबले जीतकर टीम को टॉप-3 में पहुंचाया और नॉकआउट्स के लिए क्वालिफाई कराया। हालांकि एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को मुंबई इंडियंस से 11 रन से हार का सामना करना पड़ा और टीम फाइनल में जगह नहीं बना सकी।
टीम की कमान संभालने के लिए तैयार गार्डनर
28 साल की एश्ले गार्डनर पिछले तीन सीजन गुजरात जायंट्स के लिए मैच खेल चुकी हैं और उन्हें दिल्ली में आयोजित WPL 2026 ऑक्शन से पहले 3.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। वह आगामी सीजन में WPL 2026 की सबसे महंगी खिलाड़ियों में शामिल रहेंगी। उन्होंने WPL में गुजरात की ओर से 25 मैच खेले हैं। एश्ले गार्डनर को कप्तान बनाए जाने का ऐलान अडानी समूह के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी गुजरात जायंट्स ने 29 दिसंबर की देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की। गुजरात जायंट्स ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आधिकारिक घोषणा। अनुभव उनके खेल में, आत्मविश्वास उनकी आवाज में। एश्ले गार्डनर एक बार फिर हमारी कप्तान के रूप में आगे बढ़ने को तैयार हैं।
T20 में आंकड़ें शानदार
गुजरात जायंट्स के लिए WPL में एश्ले गार्डनर का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक खेले गए 25 मैचों में 567 रन बनाए हैं और 25 विकेट अपने नाम किए हैं। अगर उनके T20 करियर की बात करें तो गार्डनर ने अब तक 282 T20 मैच खेले हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, गुजरात जायंट्स, ट्रेंट रॉकेट्स और सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 5091 रन, 242 विकेट और 102 कैच लिए हैं।
गौरतलब है कि एश्ले गार्डनर आखिरी बार 11 दिसंबर 2025 को वीमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलती नजर आई थीं। इस सीजन वह सिडनी सिक्सर्स की कप्तान भी रहीं, जहां उन्होंने 10 मैचों में 143 रन बनाए और 19 विकेट झटके। गार्डनर WBBL 2025 की संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं, हालांकि उनकी टीम फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। चैलेंजर मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स को पर्थ स्कॉर्चर्स ने 11 रन से हराया।
यह भी पढ़ें:
क्विंटन डी कॉक ने टी20 में किया बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी