AUS vs WI, 3rd Test: जमैका के किंग्स्टन स्थित सबीना पार्क में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को करारी शिकस्त दी। मेजबान टीम की दूसरी पारी मात्र 27 रनों पर सिमट गई, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरा सबसे कम स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया की इस शानदार जीत में तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड का अहम योगदान रहा। स्टार्क ने सिर्फ 9 रन देकर 6 विकेट चटकाए और वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में नया रिकॉर्ड भी बना दिया। उन्होंने महज 15 गेंदों में 5 विकेट लेकर टेस्ट इतिहास का सबसे तेज पांच विकेट हॉल अपने नाम किया। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के पहले ही ओवर में उन्होंने पहली, पांचवीं और आखिरी गेंद पर विकेट निकालकर विरोधी खेमे में हड़कंप मचा दिया।
स्टार्क के बाद स्कॉट बोलैंड ने भी कहर बरपाया। उन्होंने 2 ओवर में 2 रन देकर 3 विकेट झटके, जिसमें हैट्रिक भी शामिल रही। बोलैंड ने टेस्ट क्रिकेट में पिंक बॉल से हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि वेस्टइंडीज टेस्ट इतिहास के सबसे कम स्कोर (26 रन) का रिकॉर्ड भी तोड़ देगी, जो न्यूजीलैंड के नाम है। हालांकि, खराब फील्डिंग के चलते मेजबान टीम 27 रन तक पहुंचने में कामयाब रही और महज 1 रन से शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी से बच गई।
1888 का रिकॉर्ड ध्वस्त
दरअसल, वेस्टइंडीज की टीम के शीर्ष 6 बल्लेबाज कुल मिलाकर 6 रन ही स्कोरबोर्ड पर लगा सके। यह किसी टेस्ट पारी में शीर्ष 6 बल्लेबाजों द्वारा बनाए गए सबसे कम रन हैं। इससे पहले सबसे कम 12 रन ऑस्ट्रेलिया ने 1888 में इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में बनाए थे, जबकि वेस्टइंडीज ने 2000 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में बनाए 14 रन, 20वीं सदी की शुरुआत के बाद से सबसे कम रन हैं।
सबसे ज्यादा रन जस्टिन ग्रीव्स के नाम रहे
वेस्टइंडीज की पूरी टीम 27 रन पर ढेर हुई, जिसमें 7 बल्लेबाज तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। सिर्फ एक ही बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा पार कर सका। जस्टिन ग्रीव्स ने सबसे ज्यादा 11 रन बनाए। इस तरह वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया तीसरा टेस्ट मैच क्रिकेट के इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया।