1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत को हराना इतना आसान समझते हैं ऑस्ट्रेलियाई कोच? टेस्ट सीरीज से पहले ही कह दी ऐसी बात

भारत को हराना इतना आसान समझते हैं ऑस्ट्रेलियाई कोच? टेस्ट सीरीज से पहले ही कह दी ऐसी बात

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Jan 01, 2023 05:44 pm IST,  Updated : Jan 01, 2023 05:44 pm IST

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भिड़ने से पहले ही बयानों का सिलसिला जारी हो चुका है।

David Warner and Steve Smith- India TV Hindi
David Warner and Steve Smith Image Source : AP

ऑस्ट्रेलियाई टीम एक बेहद अहम टेस्ट सीरीज के लिए भारत आने को तैयार है। अगले महीने ये टीम भारत के खिलाफ 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में भिड़ने वाली है। ये सीरीज भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के नजरिए से काफी अहम रहने वाली है। पिछले कुछ सालों से टीम इंडिया हमेशा ऑस्ट्रेलिया पर भारी पड़ी है। लेकिन इस बार कंगारू टीम वापसी के लिए बेताब है। इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने एक बड़ा बयान दिया है।

एंड्रयू मैकडोनाल्ड का बड़ा बयान

ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने रविवार को कहा कि फरवरी-मार्च में भारत दौरा शुरू करने से पहले किसी अभ्यास मैच की जरूरत नहीं है। ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल पाकिस्तान का दौरा करने से पहले कुछ ऐसा ही किया था। ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान उतरने से पहले मेलबर्न की पिचों पर अभ्यास किया था। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान में सीरीज 1-0 से जीती थी। ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा शुरू होने और नागपुर में 9 फरवरी से सीरीज की शुरुआत होने से पहले सिडनी में खिलाड़ियों का तीन दिवसीय शिविर लगेगा।

पिछली सीरीज में मिली थी हार

2017 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत दौरे की तैयारी के लिए दुबई में आईसीसी अकादमी में विशेष रूप से तैयार पिचों पर 10 दिनों का कैंप लगाया था और पुणे में पहले टेस्ट से पूर्व नौ दिनों का अभ्यास भारत में किया था। ऑस्ट्रेलिया ने पुणे में पहला टेस्ट जीता लेकिन इसके बाद विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम ने वापसी करते हुए सीरीज 2-1 से जीती। मैकडोनाल्ड ने कहा, "कोई अभ्यास मैच नहीं जैसा हमने पिछली कुछ सीरीज में किया है। हमें लगता है कि हमें अभ्यास मैच की जरूरत नहीं है। हम भारत पहले मैच से एक सप्ताह पूर्व पहुंचेंगे।"

मैकडोनाल्ड के हवाले से सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने संकेत दिया कि भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टीम बड़ी हो सकती है जबकि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और आलराउंडर कैमरन ग्रीन की फिटनेस को लेकर चिंता है। हालांकि कोच को भरोसा है कि ग्रीन उन्हें दी गई समय सीमा में फिट हो जाएंगे। उनके लिए चुनौती यही रहेगी कि वह यह सुनिश्चित करें कि उनका शरीर मैच के लिए फिट रहे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल