1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. BBL में गजब तमाशा, एक गेंद पर बने 16 रन, स्टीव स्मिथ की धाकड़ पारी का VIDEO

BBL में गजब तमाशा, एक गेंद पर बने 16 रन, स्टीव स्मिथ की धाकड़ पारी का VIDEO

 Published : Jan 23, 2023 02:42 pm IST,  Updated : Jan 23, 2023 02:42 pm IST

Big Bash League Steve Smith : बीबीएल में एक गेंद पर 16 रन बन गए हैं। ये गजब बात आज खेले जा रहे होबार्ट हरिकेन्स और सिडनी सिक्सर्स मैच में हुई, उस वक्त क्रीज पर स्टीव स्मिथ थे।

steve smith- India TV Hindi
steve smith Image Source : GETTY

Big Bash League Steve Smith : क्रिकेट का एक सामान्य सा सवाल है कि एक गेंद पर ​अधिकतम कितने रन बन सकते हैं। इसका सीधा का जवाब है कि छह रन, वैसे तो ये जवाब ठीक है, लेकिन कभी कभार ऐसा भी हो जाता है कि ये जवाब गलत है। इस बीच ऐसा ही एक अजब गजब तमाशा बीबीएल में देखने के लिए मिला। क्या कोई सोच सकता है कि एक गेंद पर 16 रन बन जाएंगे, लेकिन ऐसा हो गया है। बीबीएल में ये आश्चर्यजनक किंतु सत्य टाइप की घटना आज ही होबार्ट हरिकेन्स बनाम सिडनी सिक्सर्स के मैच में घटी। खास बात ये है कि जब ये सब कुछ हुआ क्रीज पर स्टीव स्मिथ थे, जो इस वक्त गजब के फार्म में नजर आ रहे हैं और जो लोग ये कहते हैं कि स्टीव स्थिम टी20 के हिसाब के बल्लेबाज नहीं हैं, वो अब शांत हो गए हैं। चलिए आपको बताते हैं कि एक गेंद पर आखिर 16 रन बन कैसे गए और मैच में ऐसा क्या हुआ। 

बीबीएल में स्टीव स्मिथ ने जोएल पेरिस की एक गेंद पर बने 16 रन 

दरअसल बीबीएल में आज 52वां मैच खेला जा रहा है। होबार्ट हरिकेन्स और सिडनी सिक्सर्स की टीमें आमने सामने हैं। होबार्ट हरिकेंस के कप्तान ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सिडनी सिक्सर्स की ओर से सलामी बल्लेबाज के रूप में स्टीव स्मिथ जोश फिलिप्स मैदान में उतरे। मैच का अभी दूसरा ही ओवर चल रहा था, जिसे लेकर आए जोएल पेरिस। पेरिस का सामना करने के लिए स्टीव स्मिथ क्रीज पर थे। पहली दो गेंदों पर उन्होंने कोई रन नहीं दिया। लेकिन तीसरी गेंद नो बॉल डाल दी। इस पर स्टीव स्मिथ ने छक्का मार दिया। अब ये तो स्मिथ ही जानें कि उन्होंने अंपायर की ओर से नो बॉल सुनने के बाद छक्का मारा, या फिर वे पहले से ही तैयार थे कि इस पर छक्का ही मारना है। लेकिन ये गेंद काउंट नहीं की गई और छक्का आ गया। इसके बाद अगली गेंद फ्री हिट हो गई। ये गेंद पेरिस ने लेग स्टंप के बाहर डाल दी यानी वाइड हो गई। ये गेंद इतनी दूर थी कि विकेट कीपर भी उसे पकड़ नहीं पाए और चार रन मिल गए। चार रन और एक रन वाइड का, लेकिन अभी फ्री हिट ​बाकी ही था। क्योंकि नियम ये है कि फ्री हिट वाली गेंद लीगल होनी चाहिए। इसके बाद पेरिस फिर से तीसरी गेंद लेकर आए, इस फ्री हिट पर स्टीव स्मिथ ने चौका मार दिया। यानी पहली बार सात रन, छक्का और एक रन नो बॉल का। दूसरी गेंद पर पांच रन, चौका और वाइड। तीसरी गेंद पर चौका। इस तरह से सात, पांच और चार कुल  मिलकार हो गए 16 रन। इन तीनों गेंदों का सामना स्टीव स्मिथ ने ही किया। बात यहीं पर खत्म नहीं हुई ओवर की चौथी गेंद पर फिर से स्टीव स्मिथ ने चौका मारा। यानी पेरिस की जमकर धुनाई की गई। 

स्टीव स्मिथ आईपीएल 2023 की नीलामी में गए थे अनसोल्ड 
इस बीच पारी के छठे ओवर में होबार्ट हरिकेंस का पहला विकेट मिला। जोश फिलिप्स को फहीम अशरफ ने आउट किया। तब तक जोश फिलिप्स 16 गेंद पर आठ रन बनाकर खेल रहे थे। पहला विकेट गिरने के बाद भी स्टीव स्मिथ का बल्ला नहीं रुका और वे आक्रामक बल्लेबाजी करते रहे। स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी का आलम ये था कि उन्होंने 22 गेंद पर ही अपना पचासा पूरा कर लिया। उन्होंने टिम डेविड की गेंद पर चौका मार कर अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद भी तूफानी पारी जारी रखी।  दूसरे छोर पर उनके साथ पीटरसन आए जरूर लेकिन वे केवल स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी का मजा ले रहे थे। स्टीव स्मिथ इस वक्त गजब के फार्म हैं और बीबीएल में कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। हालांकि आईपीएल में वे अनसोल्ड गए थे। कभी आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे स्टीव स्मिथ बाद में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में आए, लेकिन बाद में उसने भी उन्हें रिलीज कर दिया। आईपीएल 2023 की नीलामी में ​उन्हें अनसोल्ड जाना पड़ा। लेकिन जिस तरह का खेल स्मिथ दिखा रहे हैं कुछ टीमें जरूर सोच रही होंगी कि उन्हें अपने पाले में कर लेना था, लेकिन अब कुछ नहीं हो सकता। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल