1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड टूर पर मिलेगा परिवार का साथ, BCCI उठाएगा पूरा खर्चा

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड टूर पर मिलेगा परिवार का साथ, BCCI उठाएगा पूरा खर्चा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 07, 2026 08:53 am IST,  Updated : Jun 07, 2026 08:53 am IST

वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। वैभव सूर्यवंशी जल्द आयरलैंड और इंग्लैंड टूर पर जाने वाले हैं। इस टूर पर वैभव के साथ उनके माता-पिता भी साथ होंगे।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी और उनके माता-पिता Image Source : PTI

Vaibhav Sooryavanshi: क्रिकेट जगत में इस समय 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है। कम उम्र में ही अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबको प्रभावित करने वाले वैभव अब अपने पहले सीनियर इंटरनेशनल टूर के लिए तैयार हैं। खास बात यह है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर इस युवा खिलाड़ी को परिवार का भी साथ मिलेगा, क्योंकि BCCI ने उनके माता-पिता को भी साथ भेजने का फैसला किया है।

वैभव सूर्यवंशी का यह पहला सीनियर भारतीय टीम दौरा होगा और बोर्ड नहीं चाहता कि इतनी कम उम्र में वह खुद को अकेला महसूस करें। इसी वजह से BCCI ने उनके माता-पिता को दौरे पर साथ रहने की अनुमति दी है। बोर्ड वैभव के परिवार के आने-जाने और रहने का पूरा खर्च भी उठाएगा।

BCCI सचिव ने की पुष्टि

BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने स्पोर्टस्टार से बातचीत में कहा कि वैभव अभी बच्चा है, इसलिए हमने फैसला किया है कि उसके माता-पिता को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उसके साथ जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वे उसके साथ रह सकें और नए माहौल में खुद को ढालने में मदद कर सकें। बोर्ड उनका पूरा खर्च उठाएगा। वैभव इस समय इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका में हैं और ट्राई सीरीज खेल रहे हैं। IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद से वैभव की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में बोर्ड ने महसूस किया कि परिवार का साथ इस युवा खिलाड़ी के लिए मानसिक रूप से काफी मददगार साबित होगा।

सालों बाद दिखेगा अनोखा नजारा

आपको जानकर हैरानी होगी कि साल 1989 में जब महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने सिर्फ 16 साल की उम्र में पाकिस्तान दौरे पर भारत के लिए डेब्यू किया था, तब उनके बड़े भाई अजीत तेंदुलकर उनके साथ गए थे। अब करीब 37 साल बाद वैभव सूर्यवंशी भी उसी तरह अपने शुरुआती इंटरनेशनल सफर पर निकलने वाले हैं। बता दें, वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा मेन्स प्लेयर बनने जा रहे हैं। फिलहाल ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 16 साल की उम्र में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था। अब इतने सालों बाद महान सचिन तेंदुलकर का ये रिकॉर्ड ध्वस्त होने जा रहा है। 

यह भी पढ़ें:

मोहम्मद शमी ने ऐतिहासिक ईडन गार्डन में गेंद से बरपाया कहर, हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी

'उसने कभी हार नहीं मानी', सूर्यकुमार यादव की कप्तानी जाने पर बोले रोहित शर्मा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल